Advertisement
देश

बड़ी खबर: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सीने में उठा दर्द, दिल्ली एम्स के ICU में भर्ती…कई नेताओं ने जल्द स्वस्थ होने की कामना…

पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली स्थित एम्स के कार्डियो-थोरैसिक (हृदय और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया है।मनमोहन सिंह आईसीयू में हैं और दिल के डॉक्टर नीतीश नायक उन्हें देख रहे हैं। 87 वर्षीय पूर्व पीएम की एम्स में साल 2009 में बाईपास सर्जरी हुई थी। कई नेताओं ने मनमोहन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

नरेन्द्र मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की मनमोहन सिंह आलोचना करते रहे हैं। पिछले महीने उन्होंने केन्द्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) रोके जाने के मोदी सरकार के फैसले की आलोचना की थी और कहा था कि कोविड-19 के बीच यह कड़ा कदम अनावश्यक तौर पर उठाया गया है।

अप्रैल में मनमोहन सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद सिंह के इस अनुरोध को भी स्वीकार किया था कोविड-19 संकट खत्म होने के बाद राज्य की बेहतरी और अर्थव्यवस्था को लेकर वे मार्ग दर्शन करेंगे। सिंह विपक्षी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। 1990 के दशक के दौरान नरसिम्हा राव सरकार में मनमोहन सिंह को वित्तमंत्री रहते हुए आर्थिक सुधार का श्रेय दिया जाता है। डॉक्टर मनमोहन सिंह ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार में लगातार दो कार्यकाल (2004-2014) तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

मनमोहन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जतायी और जल्द ठीक होने की कामना की। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ”पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी को अस्पताल में भर्ती कराए जाने की खबर सुनकर बेहद चिंतित हूं। उनके जल्द ठीक होने, अच्छी सेहत और दीर्घायु की कामना करता हूं।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने ट्वीट किया, ”डॉक्टर साहब के स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं। मुझे यकीन है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे।” राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट किया, ”डॉक्टर मनमोहन सिंह जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली। विनम्र, बुद्धिमान, विद्वान, सच्चे सज्जन और सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्रियों में से एक मनमोहन सिंह जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” लालू यादव के बेटे और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने कहा, ”आदरणीय मनमोहन सिंह जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

error: Content is protected !!