नक्सली
छत्तीसगढ़ / जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, फायरिंग में तबाह हुआ नक्सल कैंप
राजनांदगांव जिले के जंगलों की घटना, पुलिस को मौके से मिली लैंड माइंस
सर्चिंग पर निकले जवानों का अचानक हुआ नक्सलियों से सामना
राजनंदगांव. छत्तीसगढ़ का राजनांदगांव जिला नक्सल प्रभावित है। सोमवार की सुबह यहां जंगलों से गोलियां चलने की आवाज देर तक गूंजती रही। दरअसल यहां करीब 30 मिनट तक पुलिस, आईटीबीपी के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। पुलिस ने यहां नक्सलियों के कैंप को जरूर तबाह कर दिया। यह घटना जिले के कोहका थाना के पुगदा एवं कोरचा जंगलों की है। फोर्स को पुख्ता जानकारी मिली थी कि जंगल के पहाड़ी इलाके में लगभग 10-12 की संख्या में माओवादी कैम्प लगाए हुए हैं।
जिला पुलिस बल, डीआरजी टीम, सीएएफ एवं आईटीबीपी की अलग-अलग पार्टी सर्चिंग पर रवाना की गई थी। सुबह करीब 7.30 बजे के आस-पास फोर्स के लिए पहले से ही घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। जवानों ने भी इसका जवाब दिया। खुद को कमजोर पड़ता देख नक्सली भाग निकले। घटना स्थल से 1 क्लेमोर माईन्स, जेरिकन, स्टील बर्तन और रोजमर्रा के सामान पुलिस को मिले। अब भी क्षेत्र में जवान सर्च ऑपरेशन चलाए हुए हैं।