बिलासपुर भाजपा: महिला नेत्री ने टिकट की दावेदारी पेश कर बढ़ाई सनसनी… कहा- मंत्री का काम ठीक है, लेकिन अब महिला को मिलना चाहिए टिकट… जानिए महिला नेत्री के बारे में…

बिलासपुर/ भाजपा नेता मनीष राय के बाद अब महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष किरण सिंह ने नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल के पैरलल बिलासपुर विधानसभा से दावेदारी पेश कर सनसनी फैला दी है। महिला नेत्री का साफ का कहना है कि बिलासपुर से भाजपा ने अब तक महिला उम्मीदवार नहीं दिया है। महिलाओं को आगे बढ़ाने की बात हमेशा होती है। इसलिए मैंने भी दावेदारी पेश की है।
बीते रविवार को भाजपा कार्यालय में टिकट वितरण से पहले पर्यवेक्षक आए थे। उन्होंने पदाधिकारियों से तीन-तीन पैनल में उम्मीदवारों के नाम मांगे। इसके अलावा उम्मीदवारों से आवेदन स्वीकार किए गए। भाजपा नेता और माई होम के संचालक मनीष राय के आवेदन जमा करने को लेकर एल्डरमैन रामदेव कुमावत और भाजपा नेता दस्तगीर भाभा से विवाद होने की खबर है। इस बीच बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजिका किरण सिंह ने भी प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के नाम से एक आवेदन सौंपा है, जिसमें उन्होंने खुद को बिलासपुर विधानसभा से टिकट देने की मांग की है। उनका तर्क है कि बिलासपुर को बिलासा दाई के नाम से जाना जाता है। इसके अलावा बिलासपुर की पहचान न्यायधानी के रूप में हो रही है। अब तक बिलासपुर से भाजपा ने महिला उम्मीदवार नहीं उतारा है।
tazakhabar36garh.com से बातचीत में महिला नेत्री किरण सिंह ने बताया कि वह सालों से भाजपा के लिए काम कर रही हैं। सक्रिय कार्यकर्ता होने के नाते उनका भी टिकट के लिए दावेदारी करने का अधिकार बनता है। इसलिए उन्होंने दावेदारी पेश की है। … तो क्या मंत्री अमर अग्रवाल बिलासपुर के विकास में ठीक से काम नहीं कर रहे हैं… सवाल पर उनका कहना था कि अमर अग्रवाल बिलासपुर के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। फिर भी इस बार बिलासपुर में महिला उम्मीदवार होना चाहिए। बिलासपुर विधानसभा से अचानक एक महिला नेत्री की दावेदारी आने से यह तो साफ हो गया है कि इस बार मंत्री के खिलाफ भाजपा में बगावत शुरू हो गई है। किरण सिंह से पहले से भाजपा नेता मनीष राय लगातार मंत्री के खिलाफ बयानबाजी करते आ रहे हैं। वो तो यहां कह चुके हैं कि अक्षम नेतृत्व के कारण हमारा बिलासपुर काफी पिछड़ गया है। यानी कि वे मंत्री अग्रवाल की कार्यप्रणाली को सीधे तौर पर चुनौती देते आ रहे हैं।
जानिए किरण सिंह के बारे में
वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की संयोजिका और हिंदू जागरण मंच वीरांगना वाहिनी विभाग की बिलासपुर प्रमुख हैं।
