Tuesday, March 3, 2026
Homeराजनीतिदिल्ली हिंसा के लिए कांग्रेस ने अमित शाह को बताया जिम्मेदार तो...

दिल्ली हिंसा के लिए कांग्रेस ने अमित शाह को बताया जिम्मेदार तो बीजेपी ने किया पलटवार, बोली- राहुल गांधी ने किसानों को उकसाया…

दिल्ली में किसानों की परेड में हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलने के बाद बीजेपी ने बुधवार रात पलटवार किया। बीजेपी ने कांग्रेस और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर किसानों को उकसाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही, बीजेपी ने कृषि कानूनों पर कहा कि केंद्र सरकार ने कई दौर की बातचीत की और कानूनों को स्थगित करने का भी प्रस्ताव दिया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि वे लगातार केवल समर्थन नहीं कर रहे थे, बल्कि किसानों को उकसा रहे थे। सीएए को लेकर भी राहुल गांधी ने ऐसा ही किया था। सड़क पर आने के लिए वे उकसाते हैं और दूसरे दिन ही सड़क पर आंदोलन शुरू हो जाता है।

केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर ने कांग्रेस को हताश और निराश बताते हुए कहा कि वह लगातार चुनाव हार रही है। इस वजह से किसी भी तरह से देश में अशांति फैलाना चाहती है। कांग्रेस के अलावा, कम्युनिष्टों की भी यही हालत है, इसलिए पश्चिम बंगाल में दोनों नई दोस्ती का रिश्ता ढूंढ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार ने जानबूझ कर किसानों को उकसाया था। कल के यूथ कांग्रेस और कांग्रेस से संबंधित संस्थाओं के ट्वीट प्रमाण हैं। उन्होंने गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा को लेकर कहा कि जो लोग भी इस घटना में शामिल थे, उन्हें कड़ी सजा मिलेगी। भारत तिरंगे का अपमान नहीं भूल सकता है। कांग्रेस ने आंदोलन के दौरान लगातार किसानों को भड़काया है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस किसानों के प्रदर्शन में हिंसा की जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है, क्योंकि वह पंजाब में सत्ता में है।

‘कृषि कानूनों से किसानों को मिले विकल्प’

केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों को किसानों के हित में बताते हुए प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि इससे विकल्प मिला है। यह बात कांग्रेस भी समझती है, लेकिन वह किसान और सरकार के बीच समझौता नहीं होने देना चाहती है। एक तरह से कभी-कभी लगता है कि ये लोग जो चुनाव में पराजित हुए हैं, वे सब इकट्ठा होकर देश में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन सभी लोगों को यह भी मालूम हो कि एमएसपी, मंडी, मालिकाना हक किसी को भी दिक्कत नहीं पहुंची है, सब जारी रहेगा। वहीं, सरकार ने किसानों के साथ दस दौर की चर्चा भी की है। कानूनों को साल-डेढ़ साल के लिए रोकने और स्थगित करने की तैयारी भी दिखाई है।

हिंसा के लिए कांग्रेस ने अमित शाह को बताया जिम्मेदार

वहीं, कांग्रेस ने किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा को लेकर आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित साजिश थी और इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गृह मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा कि इस संबंध में तमाम खुफिया इनपुट के बावजूद हिंसा के तांडव को रोक पाने में नाकामी के चलते उन्हें (शाह) एक पल भी अपने पद पर बने रहने का हक नहीं है। कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि साल भर के भीतर दिल्ली में दूसरी बार हुई इस हिंसा को रोक पाने में बुरी तरह विफल रहने वाले अमित शाह को उनके पद से फौरन बर्खास्त किया जाना चाहिए। यदि प्रधानमंत्री अब भी उन्हें बर्खास्त नहीं करते तो इसका मतलब साफ है कि उनकी अमित शाह से प्रत्यक्ष मिलीभगत है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights