Tuesday, March 24, 2026
Homeक्राइमनिलंबित पुलिसकर्मी ने श्रीकांत त्यागी को दिन-रात ढूंढा, गिरफ्तारी में निभाई अहम...

निलंबित पुलिसकर्मी ने श्रीकांत त्यागी को दिन-रात ढूंढा, गिरफ्तारी में निभाई अहम भूमिका; अब पूर्व प्रभारी को मिलेगा इनाम…

नोएडा के गालीबाज श्रीकांत त्यागी के गुनाहों का हिसाब-किताब अब कानून के जरिए किया जा रहा है। इससे पहले श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी एक चुनौती मानी जा रही थी। लेकिन नोएडा पुलिस ने मंगलवार को मेरठ से उसे और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। एक खास बात यह है कि श्रीकांत त्यागी को पकड़ने में एक निलंबित पुलिसकर्मी ने भी अहम भूमिका निभाई है।

नोएडा में महिला से दुर्व्यवहार के मामले में निलंबित फेज-2 थाना के पूर्व प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने आरोपी श्रीकांत त्यागी को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि निलंबित होने के बावजूद उपाध्याय ने हार नहीं मानी और त्यागी की गिरफ्तारी के लिए तीन राज्यों मे भटकते रहे। त्यागी पर नोएडा पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान पुलिस आयुक्त ने बताया, ‘श्रीकांत की गिरफ्तारी में सुजीत उपाध्याय की अहम भूमिका रही है। निलंबित होने के बाद मायूस होकर घर बैठने के बजाय उन्होंने अपराधी को पकड़वाने में रात-दिन एक कर दिया। इसलिए वह उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह द्वारा इनाम के हकदार बन गए हैं।’

बता दें कि श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को तीन लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है। अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने दो लाख रुपये व डीजीपी डीएस चौहान ने एक लाख रुपये इनाम देने का ऐलान किया है।

सरेंडर करने की फिराक में था

श्रीकांत त्यागी कोर्ट में सरेंडर करने के प्रयास में था। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद त्यागी को सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय लाया गया। एसीपी पीपी सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लुकसर स्थित जिला कारागार में भेज दिया गया।

सांसद ने कही यह बात

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और गौतम बुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा ने मंगलवार को श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और लड़कियों के स्वाभिमान को चोट पहुंचाने वाले अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

शर्मा ने ट्वीट किया, ‘अंततः नोएडा में बहन के आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधी की गिरफ्तारी हो ही गयी। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व को धन्यवाद। आज के उत्तर प्रदेश में हमारी बेटियों, बहनों और माताओं के आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।’

बता दें कि फरारी के दौरान श्रीकांत त्यागी देहरादून, ऋषिकेश, मेरठ, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर सहित अन्य जिले में वह भागता रहा। उसकी अंतिम लोकेशन मेरठ में मिली, जहां से आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights