Friday, April 10, 2026
Homeबिलासपुरबिलासपुर की चार खबर: वृद्धजन दिवस का आयोजन...गौण खनिज की रायल्टी राशि जारी...फरार...

बिलासपुर की चार खबर: वृद्धजन दिवस का आयोजन…गौण खनिज की रायल्टी राशि जारी…फरार आरोपी की सूचना, मिलेगा पुरस्कार…

बिलासपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा 1 अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन दोपहर 1.30 बजे से त्रिवेणी भवन व्यापार विहार में किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा। व्यापार विहार स्थित त्रिवेणी भवन में सवेरे 8.30 बजे से पंजीयन, स्वास्थ्य शिविर, विशेष आवश्यकता वाले वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण हेतु पंजीयन किया जाएगा।

कार्यक्रम में कठपुतली नाच एवं वरिष्ठजनों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों के वित्तीय संरक्षण संबंधी कार्यशाला, माता-पिता एवं भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संसदीय सचिव एवं तखतपुर विधायक रश्मि सिंह तथा छत्तीसगढ़ पर्याटन मण्डल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, बिलासपुर विधायक शैलेष पाण्डेय, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, जिला सहकारी एवं केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, छत्तीसगढ़ योग आयोग के सदस्य रविन्द्र सिंह एवं वरिष्ठ नागरिकों के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहेंगे।

पंचायतों एवं नगरीय निकायों को गौण खनिज की रायल्टी राशि जारी

बिलासपुर। जिले में वित्तीय वर्ष 2019-20 में गौण खनिजों की खरीदी से प्राप्त रायल्टी की 15 करोड़ 48 लाख 94 हजार रूपए की प्रथम किश्त की राशि खनिज विभाग द्वारा संबंधित ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के लिए आज जारी कर दी गई है।

उप संचालक खनिज से मिली जानकारी के अनुसार प्राप्त राशि में से 15 करोड़ 21 लाख 13 हजार रु को कुल 69 ग्रामों के मध्य वितरण किये जाने हेतु राशि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बिलासपुर को ट्रांसफर कर दी गई है तथा ग्राम पंचायतों एवं जनपद पंचायतों को कितनी-कितनी राशि वितरित की जानी है की सूची भी कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा), बिलासपुर द्वारा जिला पंचायत बिलासपुर को जारी कर दी गई है। नगरीय निकायों को वितरण हेतु 27 लाख 81 हजार रु प्राप्त हुए है जिसे आयुक्त, नगर पालिक निगम, बिलासपुर को ट्रांसफर किया गया है तथा संबंधित नगरीय निकायों को कितनी राशि वितरित की जानी है की सूची आयुक्त, नगर पालिक निगम, बिलासपुर को उपलब्ध करा दी गई है। उप संचालक (खनिज) द्वारा वित्तीय वर्ष 2019-20 में बिलासपुर जिला अंतर्गत गौण खनिजों की खदानों से कुल राशि 25 करोड़ 32 लाख 5 हजार रु रायल्टी प्राप्त होना बताया गया है जिसमें से छत्तीसगढ़ शासन खनिज साधन विभाग द्वारा कुल 15 करोड़ 48 लाख 94 हजार रु संबंधित ग्राम पंचायतों, जनपदों एवं नगरीय निकायों के मध्य वित्तीय वर्ष 2022-23 में संवितरण किये जाने हेतु जारी किया गया है।

फरार आरोपी की सूचना देने वाले को मिलेगा पुरस्कार

बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा घोषणा की गई है कि थाना सकरी, बिलासपुर में दर्ज अपराध के प्रकरण में फरार आरोपी जितेन्द्र मिश्रा निवासी महर्षि स्कूल के पास, संदीप मिश्रा निवासी हाफा, अमित भारते निवासी दलदलिहापारा सकरी की सूचना देने वाले को 5 हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जायेगा। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा तथा पुरस्कार वितरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर का निर्णय अंतिम होगा।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर 07752-223330 मो.नं. 94791-93001, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर बिलासपुर 07752-222191 मो.नं. 94791-93002, पुलिस नियंत्रण कक्ष, बिलासपुर 07752-228504, मो.नं. 94791-93099 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिले में मनाया गया विश्व रेबीज दिवस

बिलासपुर। जिले के सभी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 28 सितम्बर को विश्व रेबीज दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें रेबीज के संबंध में सभी स्वास्थ्य कार्यकताओं एवं स्वास्थ्य हितग्राहियों को विस्तृत जानकारी दी गयी। सीएमएचओ डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि रेबीज केवल कुत्तों के काटने पर नहीं होता, बल्कि अन्य जानवरों के काटने पर भी हो सकता है। किसी भी जानवर द्वारा काटे जाने पर समीप के चिकित्सालय पंहुच कर एंटी रेबीज वैक्सीन अवश्य लगवाना चाहिए। यह वैक्सीन सिम्स, जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध है। शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंधवापारा हेमूनगर में डॉ. बी.के. वैष्णव, जिला नोडल अधिकारी, एनआरसीपी एवं नोडल अधिकारी, आई.डी. एस.पी. के द्वारा मेडिकल ऑफिसर, मितानिन एवं स्वास्थ्य हितग्राहियों के बीच चर्चा-परिचर्चा की गयी। जिसमें रेबीज के कारण, लक्षण, बचाव, उपचार, टीकाकरण की विस्तृत जानकारी दी गयी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गांधी चौक एवं राजकिशोर नगर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की उपिस्थति में रेेबीज के कारण एवं बचाव के उपाय को प्रदर्शित करता हुआ फ्लैक्स चस्पा कर लोगों को तत्संबंधित जानकारी दी गयी तथा जानवरों (कुत्ते-सांप) के काटने पर झाड़-फूंक न कराने और समीप के स्वास्थ्य केंद्र में पहंुच कर स्वास्थ्य लाभ लेने और समुचित टीका लगवाने हेतु प्रेरित किया गया।

मेडिकल कॉलेज सिम्स तथा समस्त विकासखण्ड मुख्यालय बिल्हा, कोटा, मस्तूरी, तखतपुर में रेबीज के संबंध में जानकारी को प्रदर्शित करता हुए फ्लैक्स को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शित करते हुए लोगों को रेबीज के कारण, लक्षण, बचाव के उपायों में जानकारी दी गई।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights