Wednesday, April 8, 2026
Homeबिलासपुरबिलासपुर: राष्‍ट्रपति के हाथों बिलासपुर कलेक्‍टर सौरभ कुमार ने ग्रहण किया राष्‍ट्रीय...

बिलासपुर: राष्‍ट्रपति के हाथों बिलासपुर कलेक्‍टर सौरभ कुमार ने ग्रहण किया राष्‍ट्रीय प्‍लेटिनम अवार्ड…

बिलासपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों कलेक्टर बिलासपुर सौरभ कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया। शनिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन बिलासपुर की वेबसाइट को राष्ट्रीय प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया। भारत सरकार के इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जिला प्रशासन की वेबसाइट को राष्ट्रीय प्लेटिनम अवार्ड के लिए चुना गया है। जिला कलेक्टर सौरभ कुमार ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर एनआइसी बिलासपुर के डीआइओ अरविंद यादव और सहायक डीआइओ मनोज कुमार सिंह भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन बिलासपुर की टीम को बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि यह प्रतिष्ठित अवार्ड अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम स्थान रहने वाली शासकीय वेबसाइटों को प्रदान किया जाता है। बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को बेस्ट वेब एंड मोबाइल इनिशिएटिव काम्पलाइथ विथ जीआइजीडब्ल्यू एंड एससीबिलिटी गाइडलाइन की श्रेणी के अंतर्गत यह पुरस्कार दिया गया है। केंद्र सरकार की फ्लैगशीप योजना डिजिटल इंडिया के क्रियान्वयन में बिलासपुर जिले की वेबसाइट ने नवाचार किया है। एनआइसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) द्वारा तैयार वेबसाइट में केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी अपलोड करने के साथ ही दिव्यांगों के लिए भी इसमें विशेष सुविधा दी गई है।

दृष्टिबाधित भी साफ्टवेयर के जरिए इस वेबसाइट में दी गई सूचनाओं को सुन सकते हैं। जहां-जहां माउस का कर्सर जाएगा, वहां लिखी जानकारी आवाज में बदल जाएगी। हालांकि अभी यह सुविधा अंग्रेजी में ही है। आने वाले दिनों में हिंदी में भी यह सुविधा दी जाएगी। इसके लिए एनआइसी के तकनीकी विशेषज्ञों ने काम करना शुरू कर दिया है। खास बात ये कि दृष्टिबाधितों के लिए वेबसाइट में विशेष प्रकार का साफ्टवेयर भी अपलोड किया गया है। इसका उपयोग मुफ्त में कर सकेंगे। इसके लिए अतिरिक्त राशि नहीं देनी पड़ेगी।

जिला प्रशासन के वेबसाइट पर निजी व सरकारी प्रमुख अस्पतालों के नाम संपर्क नंबर के अलावा पुलिस थानों के नाम और संपर्क नंबर दर्ज किया गया है। लोक सेवा केंद्रों के अलावा नगरी निकाय व विश्वविद्यालय के नाम तथा संपर्क नंबर भी जारी किया गया है। बिलासा एयरपोर्ट के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई है। एयरपोर्ट से जबलपुर इंदौर प्रयागराज व दिल्ली के फ्लाइट के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई है। उड़ानों के समय सारणी का उल्लेख किया गया है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights