बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मोहल्ले के निवासियों ने एक महिला की हत्या कर उसकी मौत को छुपाने और गंभीर अपराध को दबाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मोहल्लेवासियों ने एक लिखित आवेदन सिविल लाइन थाना को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मोहल्लेवासियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, तालापारा स्थित मसीजिद फैजान गरीब नवाज के पास रहने वाला बशीर नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी और तीन भाइयों के साथ तालापारा चौक में “मुरादाबादी शमा बिरयानी” नामक होटल का संचालन करता है।
मामला उस वक्त गंभीर हो गया जब 11 जुलाई को बशीर का अपनी गर्भवती पत्नी के साथ विवाद हुआ। मोहल्लेवालों का आरोप है कि बशीर ने उसी रात अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। अगले दिन सुबह 12 जुलाई को महिला को स्थानीय अस्पताल न ले जाकर एक ऑटो में बैठाकर प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसके मोबाइल नंबर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानकारी दी कि उसे इलाज देने से मना कर दिया गया है।
आरोप है कि बशीर सरकारी अस्पताल न ले जाकर बिना किसी को बताए सीधे अपनी पत्नी को लेकर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित गांव रवाना हो गया। मोहल्ले वालों का यह भी कहना है कि इस पूरे मामले में न तो पुलिस को जानकारी दी गई और न ही किसी तरह की एफआईआर दर्ज हुई। मृतका की पहचान एक चार माह की गर्भवती महिला के रूप में हुई है, जो जाते समय अपने सात साल की बच्ची को घर में छोड़ गई थी।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इस पूरे मामले में जानबूझकर अपराध को छुपाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस गंभीर आपराधिक प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके में भयमुक्त माहौल कायम रह सके।
पुलिस जांच की मांग
शिकायत में मोहल्ले के लोगों ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की घटना न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है बल्कि समाज में भय का वातावरण उत्पन्न कर रही है। सभी मोहल्लेवासियों ने एक स्वर में मांग की है कि मामले की तह तक जाकर न्याय सुनिश्चित किया जाए।


