बिलासपुर। शहर में रसूख और कानून की जंग एक बार फिर आमने-सामने नजर आई, जब कुछ युवकों ने नेशनल हाईवे पर लग्जरी कारों का काफिला निकालते हुए खुलेआम दबंगई दिखाई। इस पूरी घटना का वीडियो खुद युवकों ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे NH पर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और ट्रैफिक की परवाह किए बिना रील्स बनाकर अपनी “शक्ति प्रदर्शन” का इशारा किया जा रहा है।
इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आम नागरिकों का कहना है कि जहां आम आदमी को मामूली उल्लंघन पर चालान थमा दिया जाता है, वहीं रसूखदारों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। पुलिस को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। लोग यह पूछ रहे हैं कि क्या कानून सिर्फ आम लोगों के लिए है?
बताया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहे सभी युवक राजनीतिक दलों — कांग्रेस और भाजपा — के स्थानीय नेताओं के करीबी हैं। यही वजह है कि अब यह मुद्दा सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें राजनीतिक रंग भी चढ़ने लगा है। इससे साफ है कि यह पूरा प्रदर्शन सिर्फ सोशल मीडिया पर छा जाने के लिए किया गया, लेकिन इसकी कीमत आमजन को सुरक्षा जोखिम के रूप में चुकानी पड़ सकती थी।
क्या पुलिस उठाएगी सख्त कदम?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बिलासपुर पुलिस इन युवकों के खिलाफ नियमों के तहत कोई सख्त कार्रवाई करेगी या फिर राजनीतिक रसूख के आगे यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा? प्रशासन और पुलिस की चुप्पी आम जनता में आक्रोश पैदा कर रही है। लोग यह जानना चाहते हैं कि अगर कोई आम युवक ऐसा करता, तो क्या अब तक गिरफ्तार नहीं हो चुका होता?


