बिलासपुर, 21 सितंबर 2025। सोशल मीडिया पर रविवार देर रात रतनपुर क्षेत्र से एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में करीब 15 युवक सर्विस रोड (कोरबा–बिलासपुर नेशनल हाईवे के समीप) पर एक जन्मदिन समारोह मना रहे थे, जिसमें उन्होंने तलवार से केक काटने जैसी खतरनाक हरकत की। वायरल वीडियो ने लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल पैदा कर दिया।
जैसे ही वीडियो पुलिस प्रशासन के संज्ञान में आया, तत्काल कार्रवाई की गई। वीडियो में नजर आ रहे सभी 15 युवकों की पहचान कर उन्हें थाना रतनपुर की टीम ने पकड़ लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 191(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने तलवार और मौके पर प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया है। इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और हथियार का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी
- रुपेश केवर्त पिता स्व. सुरेश केवर्त
- कमलेश कुमार सरवनस पिता सुखी राम सरवन
- रितेश नायक पिता गणेश नायक
- कर्ण सिंह पिता लखपति सिंह
- रणजीत केवट पिता सुरेश केवट
- अभ्युदय भारद्वाज पिता संतोष भारद्वाज
- अन्य 9 नाबालिग बालक – सभी निवासी ग्राम खैरखूंडी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल युवकों को किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत पेश किया जाएगा। समाज में भय फैलाने वाली घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त निगरानी रख रही है।


