बिलासपुर। शहर में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कांग्रेस नेता अजय सिंह के भतीजे संस्कार सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। संस्कार भोपाल में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था और नवरात्र एवं दशहरा के अवसर पर छुट्टियों में घर आया हुआ था।
मामला राजकिशोर नगर स्थित सरकंडा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार सुबह अचानक घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो देखा कि संस्कार लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। उसने घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी थी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि संस्कार डिप्रेशन की स्थिति में था, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिवारजन और परिचित गहरे सदमे में हैं। संस्कार मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था और परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। अचानक हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।


