बिलासपुर। मंगलवार की दोपहर बिलासपुर-कोरबा रेल मार्ग पर एक बड़ा रेल हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, कोरबा से बिलासपुर आ रही मेमू लोकल ट्रेन एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। यह घटना जयरामनगर और गतोरा स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेमू ट्रेन के इंजन और आगे के डिब्बों को काफी नुकसान हुआ है।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कई यात्रियों के घायल होने की खबर है, हालांकि राहत और बचाव कार्य जारी है और सटीक संख्या का अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मेमू ट्रेन तेज रफ्तार में बिलासपुर की ओर बढ़ रही थी। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी उसी ट्रैक पर पहले से खड़ी थी, और समय पर सिग्नल या संचार की गड़बड़ी के कारण यह टक्कर हो गई।
घटना के बाद रेल यातायात प्रभावित हुआ है, बिलासपुर से कोरबा जाने वाली कई ट्रेनों को रोक दिया गया है या डायवर्ट किया गया है। रेल विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।
रेलवे अधिकारी मौके पर:
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है और मेडिकल टीमों को तत्काल राहत कार्य में लगाया गया है।


