बिलासपुर।
शुक्रवार की शाम शहर एक बार फिर हिंसा से दहल उठा। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पचरी घाट के पास निर्माणाधीन पुल पर आपसी मारपीट के बाद युवक की नृशंस हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शाम करीब 7 बजे पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक युवक खून से लथपथ हालत में मृत पाया गया।
मृतक की पहचान सानू हुसैन (उम्र लगभग 25 वर्ष) निवासी लाइफ केयर हॉस्पिटल, हटरी चौक, जूना बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर विधिवत पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुराने जानलेवा हमले की रंजिश का नतीजा है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में मृतक सानू हुसैन ने आरोपी विकास तिवारी पर जानलेवा हमला किया था, जिस पर थाना कोतवाली में FIR दर्ज कर चालान न्यायालय में पेश किया गया था। उक्त मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
बताया जा रहा है कि मृतक द्वारा लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था, इसी को लेकर शुक्रवार शाम दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान विकास तिवारी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सानू हुसैन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास तिवारी सहित अन्य संदेहियों को हिरासत में ले लिया है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की विधिवत गिरफ्तारी कर शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं एक बार फिर शहर में पुरानी रंजिश और कानून के डर के खत्म होते प्रभाव पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


