बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार और अवैध हथियारों की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में रेड और सघन चेकिंग अभियान चलाकर अंतर्राज्य गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, ऑटोमेटिक पिस्टल, कारतूस और अन्य हथियार जप्त किए गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेष टीम में थाना सिविल लाइन, थाना तारबाहर एवं पुलिस लाइन से प्राप्त बल को शामिल किया गया था। टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देते हुए तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी स्वराज कुर्रे (20 वर्ष), निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा, थाना सिविल लाइन, को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लगभग 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपाम, एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में स्वराज कुर्रे ने खुलासा किया कि उसे अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर (37 वर्ष) द्वारा की जाती थी। जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल दूसरी विशेष टीम गठित कर भोपाल रवाना किया। वहां स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी धीरेन्द्र सिंह तोमर को एक ऑटोमेटिक पिस्टल और दो मैग्जीन के साथ गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि आरोपी पूर्व में भी बिलासपुर जिले में पिस्टल सप्लाई करने के मामलों में संलिप्त रहा है और लंबे समय से फरार था।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपी धीरेन्द्र तोमर की पुलिस रिमांड लेकर उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों और नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के माध्यम से अवैध नशे और हथियारों के पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड प्रहार किया जा रहा है। साथ ही आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान की जा रही है, जिन पर शीघ्र ही वैधानिक जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
बिलासपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से न केवल नशा कारोबारियों और हथियार तस्करों में हड़कंप मचा है, बल्कि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ है।


