कोरबा। जिले में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ कार में जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक सवार थे। चारों लोग रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा क्षेत्र पहुंचे।
कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटक जाने के कारण उनकी कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। निर्माणाधीन सड़क पर पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गिरने के बाद कार तीन बार पलटी, जिससे उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण निर्माणाधीन सड़क पर उचित संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव प्रतीत हो रहा है।
इस हादसे के बाद भारतमाला परियोजना के तहत बन रही सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़कों पर न तो पर्याप्त साइन बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन मार्गों पर तुरंत सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।


