बिलासपुर। शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हुक्का बार में चल रहे गैरकानूनी संचालन को बंद करा दिया। थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का बार संचालक को मामले में आरोपी बनाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हुक्का बार मैनेजर विकम ठाकुर पिता किशन ठाकुर (उम्र 20 वर्ष, निवासी मंदिर चौक जरहामाठा), रितेश विश्वकर्मा पिता जीवन विश्वकर्मा (उम्र 25 वर्ष, निवासी मसानगंज मध्य नगरी चौक) तथा अरबाज खान पिता मोहम्मद शुलेगान खान (उम्र 23 वर्ष, निवासी आजाद चौक मंगला, बिलासपुर) शामिल हैं। वहीं हुक्का बार संचालक विनोद ठाकुर को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने हुक्का बार से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जप्त की, जिसमें 6 नग हुक्का पार्ट, 8 नग कोयला कोको जेल, 4 नग स्टेन, 7 नग चिलम, 8 नग पाइप, 1 नग कोल हिटर, 1 नग हिसाब पंजी, नगद ₹3000 तथा 3 मोबाइल फोन शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध हुक्का बार संचालन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से शहर में अवैध नशे से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध हुक्का बार या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित हो रही हों तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


