बिलासपुर। शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सरेराह जानलेवा हमले कर लूट जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार रात करीब 9 बजे ज्वेलर व्यापारी संतोष तिवारी के साथ हुई लूट की घटना ने पूरे शहर को दहला दिया है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी को रास्ते में रोककर पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर हथौड़ी से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उनकी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लूटी गई कार में सोने-चांदी के कीमती जेवर भी रखे हुए थे, जिससे लूट की रकम लाखों में होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद बदमाशों की जल्दबाजी और हड़बड़ाहट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे मौके पर ही एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक अन्य कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस को घटनास्थल से एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं फरार बदमाशों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह घटना केवल लूट के उद्देश्य से की गई या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा साजिश छिपी हुई है। जिस तरह से व्यापारी पर जानलेवा हमला किया गया, उससे मामला साधारण लूट से कहीं अधिक गंभीर प्रतीत हो रहा है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद शहर के व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। व्यापारिक संगठनों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है और रात्रि गश्त बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
फिलहाल पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है, लेकिन यह घटना एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। यदि अपराधियों पर सख्त और त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो आम नागरिकों और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना और गहराती जाएगी।



