Thursday, February 19, 2026
Homeक्राइम24 घंटे में अंतरराज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश: शातिर मास्टरमाइंड सहित 5...

24 घंटे में अंतरराज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश: शातिर मास्टरमाइंड सहित 5 आरोपी गिरफ्तार, यूपी से बरामद हुई लूटी गई कार और करोड़ो की जेवरात…

बिलासपुर। जिले के राजकिशोर नगर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का बिलासपुर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय लूट गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस का भी अहम सहयोग रहा।

घटना 17 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:15 बजे की है, जब सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी अपनी दुकान बंद कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी को अपनी कार में रखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कॉलोनी के पास अंधे मोड़ पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल की नोंक पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करते हुए करीब 2 किलो सोना, जेवरात, नकदी सहित कार लूट ली और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, फॉरेंसिक जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर फरार हो सकते हैं, जिसके बाद यूपी पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया।

पुख्ता सूचना के आधार पर मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर 18 फरवरी 2026 की रात 02 आरोपियों विनोद उर्फ बीन और करीम खान को लूटी गई i20 कार के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं जंगल में छिपे दो अन्य आरोपी विजय लांबा और मोनू उर्फ राहुल को भी पकड़ लिया गया। इसके अलावा घटना में सहयोग करने वाले एक अन्य आरोपी इरफान अली को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए जेवरात, नकदी, घटना में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह का मास्टरमाइंड विजय लांबा एक शातिर अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 70 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दिसंबर माह में हुई एक अन्य लूट की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।

इस पूरे मामले में थाना अहरौरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस अब अन्य राज्यों में हुई समान घटनाओं से इनके तार जोड़ने की दिशा में भी जांच कर रही है।

बिलासपुर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights