Thursday, February 19, 2026
Homeक्राइमबिलासपुर में सराफा कारोबारी से करोड़ों की लूट का खुलासा: मिर्जापुर एसटीएफ...

बिलासपुर में सराफा कारोबारी से करोड़ों की लूट का खुलासा: मिर्जापुर एसटीएफ ने दबोचे आरोपी, स्कॉर्पियो और ढाई किलो से अधिक सोना बरामद…

बिलासपुर। शहर में सराफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में पकड़े गए हैं। मिर्जापुर एसटीएफ की टीम ने बिलासपुर पुलिस के समन्वय से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। उनके कब्जे से सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन सहित लूटा गया करोड़ों रुपये का सोना-चांदी और नगदी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात शहर के प्रतिष्ठित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। लुटेरों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और व्यापारी के सिर पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ढाई किलो से अधिक सोना, चांदी के आभूषण और नगदी लूटकर फरार हो गए थे।

 

घटना के बाद पूरे बिलासपुर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्काल शहर और सीमावर्ती जिलों में नाकेबंदी कर दी थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बिलासपुर से होते हुए अंबिकापुर के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर भाग निकले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उनका लोकेशन ट्रेस किया गया।

बिलासपुर पुलिस लगातार आरोपियों के पीछे लगी हुई थी और इसी बीच मिर्जापुर एसटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त सफेद स्कॉर्पियो, लूटा गया सोना-चांदी और नगदी बरामद की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल थे। संभावना जताई जा रही है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह का काम है, जो पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

इस बड़ी सफलता के बाद बिलासपुर पुलिस ने राहत की सांस ली है। व्यापारिक संगठनों ने भी पुलिस की तत्परता और समन्वय की सराहना की है। फिलहाल आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाने की तैयारी की जा रही है, जहां उनसे आगे की पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights