बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के व्यस्त इलाके में स्थित लखीराम ऑडिटोरियम के पास देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो अलग-अलग समूहों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू से हुए हमले में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे आदित्य प्रताप श्रीवास अपने कुछ साथियों के साथ ऑडिटोरियम के पास भेल खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता और निखिल नागवानी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।
कुछ ही क्षणों में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में आदित्य प्रताप श्रीवास को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके दो साथी भी घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां आदित्य की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और देर शाम सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठने लगी है।


