बिलासपुर। जिले की बेलगहना चौकी पुलिस ने मुस्तैदी और सूझबूझ का परिचय देते हुए दो दिन से गुम हुए व्यक्ति को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस डॉग ‘विमला’ की अहम भूमिका रही, जिसने करीब 10 किलोमीटर तक सर्च कर घने जंगलों के बीच अचेत अवस्था में पड़े व्यक्ति का पता लगाया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डांडबछाली निवासी 48 वर्षीय तरुण सिदार 19 फरवरी 2026 की सुबह खेत जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने 20 फरवरी को पतासाजी की तो पता चला कि उन्हें आखिरी बार ग्राम तुलुफ के खेत में अपने साथियों के साथ देखा गया था। किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने बेलगहना चौकी में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी (कोटा) नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में बेलगहना पुलिस ने संभावित स्थलों पर सघन तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान घटनास्थल के पास तरुण सिदार की टोपी और चप्पल बरामद हुई। सुराग मिलने पर बिलासपुर से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। पुलिस डॉग ‘विमला’ ने बरामद सामान को सूंघकर जंगल की ओर दिशा पकड़ी और लगभग 10 किलोमीटर दूर पहाड़बछाली के घने जंगलों में तरुण सिदार को अचेत अवस्था में खोज निकाला।
पुलिस ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया। होश में आने पर उन्होंने बताया कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण वे रास्ता भटक गए थे और दो दिन से भूखे-प्यासे जंगल में पड़े रहे। समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो कोई गंभीर अनहोनी हो सकती थी।
बेलगहना पुलिस की तत्परता और पुलिस डॉग ‘विमला’ की सूझबूझ से एक बड़ी घटना टल गई। उल्लेखनीय है कि डॉग स्क्वाड की यह टीम पूर्व में भी कई मामलों में अहम सफलता दिला चुकी है।



