बिलासपुर। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश, जिला बिलासपुर द्वारा प्रस्तावित फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है। समाज के पदाधिकारियों ने इस संबंध में माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष के नाम कलेक्टर, बिलासपुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार फिल्म निर्माता अंकित भदाना एवं संदीप तोमर द्वारा 27 फरवरी 2026 को ‘यादव जी की लव स्टोरी’ नामक फिल्म रिलीज की जा रही है। फिल्म की कहानी में एक यादव युवती एवं एक मुस्लिम युवक के काल्पनिक प्रेम प्रसंग को दर्शाया गया है। यादव समाज का आरोप है कि फिल्म का नाम और कथानक समाज की बहन-बेटियों के सम्मान के विरुद्ध है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं।
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस तरह की फिल्मों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका रहती है और इससे पूरे देश के यादव समाज में रोष व्याप्त है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि फिल्म के नाम एवं विषयवस्तु से समाज की छवि को ठेस पहुंच सकती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश ने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फिल्म को जारी करने से पूर्व इसकी समीक्षा की जाए तथा आवश्यक सुधार अथवा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए। समाज ने प्रशासन एवं केंद्र सरकार से अपील की है कि समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए उचित निर्णय लिया जाए, ताकि सामाजिक सद्भाव बना रहे।
इस ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष सहित समाज के कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। समाज ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आगे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।


