बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना सरकण्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आर्यन पब्लिक स्कूल के पास एक मकान में चोरी-छिपे संचालित किए जा रहे अवैध हुक्का बार पर छापेमारी कर पुलिस ने संचालक सहित पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हुक्का सामग्री, कोल हिटर और तंबाकू युक्त फ्लेवर बरामद किया गया है। सभी के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा एक्ट) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना – सरकण्डा, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में अपराध क्रमांक 259/2026 के तहत धारा 4, 21(1), 21(2), 27 सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकण्डा) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी सरकण्डा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबिरों के माध्यम से सूचना संकलन किया जा रहा था। 27 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि अथर्व पाण्डेय नामक युवक अपने घर में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित कर रहा है और तंबाकू युक्त फ्लेवर के साथ हुक्का पिलाकर प्रति घंटे 500 रुपये वसूल रहा है।
सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान अथर्व पाण्डेय अपने साथियों विनित एलानी, किन्सु विश्वास, यथार्थ कश्यप एवं समीर पटेल के साथ हुक्का पीते हुए पाया गया। मौके से हुक्का पार्ट 2 नग, कोल हिटर 1 नग, हुक्का फ्लेवर की डिब्बी एवं अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर विधिवत जप्ती की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
- अथर्व पाण्डेय उर्फ शुभ उर्फ चिकू (18 वर्ष), निवासी राजकिशोर नगर, सरकण्डा।
- विनित एलानी (24 वर्ष), निवासी रामकृष्ण एन्क्लेव, सीपत चौक, सरकण्डा।
- किन्सु विश्वास (18 वर्ष), निवासी पैसिफिक अपार्टमेंट, तोरवा धानमंडी, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।
- यथार्थ कश्यप (18 वर्ष), निवासी जोरापारा, अलंकार भवन के पास, सरकण्डा।
- समीर पटेल (19 वर्ष), निवासी राजकिशोर नगर, जोरापारा, सरकण्डा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस प्रकार के अवैध हुक्का बार का संचालन कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सरकण्डा पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


