बिलासपुर/रतनपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में रविवार को एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गांव के नीम चौक निवासी इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष) की उसके ही घर की छत पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मौके पर खून से सनी ईंट और धारदार हंसिया मिलने से घटना की गंभीरता और बढ़ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मामले में गांव के ही दो युवकों अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष) और सुधीर सोनवानी (26 वर्ष) को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी नशे की हालत में बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतक उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था, जिससे गुस्से में आकर उन्होंने हमला कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पूरी तरह होश में आने के बाद घटना के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की विस्तार से पूछताछ की जाएगी।
घटनास्थल से बरामद ईंट और हंसिया को पुलिस ने जब्त कर लिया है। फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं ताकि हत्या की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।
इस निर्मम हत्या के बाद अकलतरी गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात केवल तत्कालिक विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद हत्या के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।


