Homeक्राइमरिपोर्ट के चंद घंटों में खुला नकबजनी का राज: 3 लाख की...

रिपोर्ट के चंद घंटों में खुला नकबजनी का राज: 3 लाख की चोरी का पूरा माल बरामद, शातिर चोर सलाखों के पीछे…

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने तेजी और सटीक कार्रवाई का परिचय देते हुए दुकान में हुई लाखों रुपये की नकबजनी का खुलासा महज कुछ घंटों के भीतर कर दिया। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3 लाख रुपये का शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद कर लिया। आरोपी ने नशे की हालत में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, चिंगराजपारा निवासी आशीष साहू ने 16 जुलाई को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हर्ष किंगडम के सामने स्थित उनकी गोपाल किराना दुकान में 15-16 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात चोर ने पीछे का कुंदा उखाड़कर प्रवेश किया और गल्ले में रखे 2.50 लाख रुपये नकद, सैमसंग स्मार्ट वॉच, एयरफोन, चांदी के सिक्के व मूर्तियां तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई।

मामला दर्ज होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तकनीकी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अशोक नगर स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाले शुभम यादव (24) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पहले वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक और सघन पूछताछ के बाद उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने नशे की हालत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दुकान का ताला तोड़ा और नकदी सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 2.50 लाख रुपये नकद सहित चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। इस तरह पुलिस ने चोरी की वारदात का न केवल त्वरित खुलासा किया, बल्कि शत-प्रतिशत मशरूका भी बरामद कर लिया, जिससे पीड़ित व्यापारी को बड़ी राहत मिली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में विधिवत गिरफ्तारी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य, उपनिरीक्षक भरत लाल राठौर, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, आरक्षक आफाक खान, संजीव जांगड़े एवं विवेक राय की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि शहर में अपराध करने वालों के लिए बच निकलना आसान नहीं है और पुलिस की सक्रिय निगरानी के चलते गंभीर अपराधों का तेजी से खुलासा किया जा रहा है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts