Homeक्राइमचौकीदार हत्याकांड पर सियासत या संवेदना? पुलिस का बड़ा दावा—परिजनों को भड़काने...

चौकीदार हत्याकांड पर सियासत या संवेदना? पुलिस का बड़ा दावा—परिजनों को भड़काने वालों की होगी पहचान, जमानत निरस्त कराने तक की तैयारी…

बिलासपुर। प्लेस ऑफ सेफ्टी (विशेष गृह) में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या और चार किशोर अपचारियों के फरार होने की सनसनीखेज घटना को लेकर बिलासपुर पुलिस ने बड़ा बयान जारी किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से ही पूरे मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी से लेकर मृतक परिवार को सहायता उपलब्ध कराने तक सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 12-13 जुलाई की मध्यरात्रि हुई इस वारदात के तुरंत बाद थाना सरकंडा में अपराध दर्ज कर विशेष टीमें कोरबा, रायगढ़, बिहार, अनूपपुर और उत्तर प्रदेश भेजी गईं। इन प्रयासों के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष तीन किशोर अपचारियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस बीच पुलिस ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि कुछ तथाकथित युवा मृतक के परिजनों को ऐसे आश्वासन और मांगों के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिनका कानून में कोई प्रावधान नहीं है। प्रशासन का कहना है कि घटना के पहले दिन से ही शासन के नियमों के तहत मिलने वाली सहायता और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग परिजनों को लगातार धरना-प्रदर्शन जारी रखने के लिए उकसा रहे हैं।

पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है, जो प्रत्यक्ष या पर्दे के पीछे से आंदोलन को प्रभावित कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इनमें से कई लोग पहले से गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए संबंधित न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस और जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर 18 जुलाई को राजस्व विभाग के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों की सलाह के बाद उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक अनिच्छा के बावजूद तहसीलदार और थाना प्रभारी सरकंडा की समझाइश के बाद देर रात उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस का कहना है कि मृतक परिवार के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है और चौकीदार हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष, पारदर्शी और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं अब इस मामले में धरना-प्रदर्शन को लेकर पुलिस की सख्त चेतावनी ने घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts