बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र स्थित इंटरसिटी होटल के एक बंद कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से रविवार को इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, कमरे का दरवाजा खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। युवक के मोबाइल फोन से एक संदेश भी मिला है, जिसमें उसने भगवान के पास जाने की बात लिखते हुए पुलिस से किसी भी व्यक्ति को परेशान नहीं करने का अनुरोध किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान सरकंडा के सीपत रोड निवासी शिवशंकर शर्मा (23 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने शनिवार को इंटरसिटी होटल में कमरा बुक कराया था। होटल में ठहरने के दौरान उसने खाने-पीने का सामान भी मंगाया, लेकिन इसके बाद कमरे का दरवाजा नहीं खोला। रात का भोजन भी उसने नहीं लिया।
रविवार सुबह करीब 11 बजे तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो इसकी सूचना तोरवा पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया, जहां युवक का शव कमरे के पंखे से फांसी के फंदे पर लटका मिला।
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि मौके की जांच के दौरान युवक के मोबाइल फोन में एक संदेश मिला है। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि उसने अपने संदेश में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है और पुलिस से किसी भी व्यक्ति को परेशान नहीं करने का आग्रह किया है। हालांकि पुलिस इस संदेश की भी तकनीकी जांच करा रही है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही युवक के पारिवारिक, सामाजिक और व्यक्तिगत पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों पर कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जा सकेगा।


