बिलासपुर

बिलासपुर: अवैध पटाखों का भारी मात्रा में संग्रहण और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने पर वासुदेव डेली नीड्स स्टोर्स सील…

Bilaspur: Vasudev Daily Needs Stores sealed after finding huge stock of illegal firecrackers and expired food items...

बिलासपुर, तखतपुर। कलेक्टर के निर्देशानुसार और अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) ज्योति पटेल के नेतृत्व में तखतपुर स्थित अवैध पटाखा गोदामों पर एक सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्यवाही आगामी त्योहारों के मद्देनजर की गई थी, जिसमें डेली नीड्स की दुकान की आड़ में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण करने की शिकायत पर यह छापा मारा गया।

जांच के दौरान, डेली नीड्स की दुकान के निचले फ्लोर पर खाद्य सामग्री का कारोबार पाया गया, जबकि ऊपरी फ्लोर पर अवैध रूप से पटाखों का संग्रहण किया गया था। पुराना नगर पालिका कॉम्प्लेक्स और मिशन हॉस्पिटल कंपाउंड में स्थित पांच गोदामों से करीब 103 कार्टून अवैध पटाखों को बरामद किया गया। जब अधिकारियों ने संचालक से दस्तावेज प्रस्तुत करने की मांग की, तो कोई वैध कागजात नहीं मिले, जिसके कारण इन पटाखों को तत्काल सील कर दिया गया।

इसके साथ ही, खाद्य विभाग की टीम द्वारा बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की भी जांच की गई। वासुदेव स्टोर्स से एक्सपायरी डेट पार कर चुके और फफूंद लगे रसगुल्ले बिक्री के लिए रखे हुए पाए गए। जब अन्य खाद्य सामग्री की जांच की गई, तो बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली, जिससे खाद्य सुरक्षा अधिनियम के उल्लंघन का मामला सामने आया। इस पर वासुदेव स्टोर्स को तत्काल सील कर दिया गया।

यह कार्यवाही तीन घंटे तक चली, जिसमें एसडीएम ज्योति पटेल, तहसीलदार पंकज सिंह, नायब तहसीलदार रोशनी तिर्की, खाद्य निरीक्षक श्याम वस्त्रकार और राजस्व एवं खाद्य विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे। इस अभियान से बाजार में अवैध पटाखों के व्यापार और मिलावटी, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री पर नकेल कसने का प्रयास किया गया है।

अवैध गतिविधियों पर नकेल
आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा और स्वास्थ्य के मद्देनजर प्रशासन की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे अवैध कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा सके।

error: Content is protected !!
Latest