बिलासपुर

बिलासपुर: एनटीपीसी सीपत में शपथ ग्रहण के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ…

सीपत, 27 अक्टूबर 2025। एनटीपीसी सीपत में आज सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ शपथ ग्रहण समारोह के साथ किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख विजय कृष्ण पाण्डेय तथा महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुरोजीत सिन्हा ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता की शपथ दिलाई।

इस वर्ष 27 अक्टूबर से 02 नवम्बर 2025 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर आयोजित किया जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने भ्रष्टाचार उन्मूलन, नैतिक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने और संगठन में पारदर्शिता को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन के दौरान सतर्कता से संबंधित कई जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कर्मचारियों के परिवार की महिलाओं के लिए निबंध प्रतियोगिता, कर्मचारियों हेतु क्विज़ प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, भाषण प्रतियोगिता सहित बाल भारती विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए वाल पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य न केवल कर्मचारियों बल्कि उनके परिवार और बच्चों में भी सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।

एनटीपीसी सीपत द्वारा आयोजित यह सतर्कता जागरूकता सप्ताह सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जनहित के मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक सामूहिक पहल है। यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि संस्था न केवल ऊर्जा उत्पादन में बल्कि नैतिक मूल्यों की ऊर्जा के संवर्धन में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।

error: Content is protected !!
Latest