बिलासपुर।
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने आम जनता के लिए एक अहम चेतावनी और अपील जारी की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि अनजान, संदिग्ध और घातक लिंक—विशेषकर WhatsApp पर आने वाले APK फाइल लिंक—से दूर रहें, क्योंकि यही लिंक आज के समय में साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार बन चुके हैं।
SSP ने कहा कि APK (Android Package Kit) एंड्रॉइड ऑपरेटिंग सिस्टम की वह फाइल होती है, जिससे मोबाइल में ऐप इंस्टॉल किया जाता है। साइबर अपराधी इसी तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों के मोबाइल का कंट्रोल हासिल कर लेते हैं और चंद मिनटों में बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।
बिलासपुर के आनंद नगर, उसलापुर निवासी एक अस्पताल कर्मचारी के साथ ऐसा ही एक गंभीर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 03 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल नंबर पर WhatsApp के जरिए एक फर्जी मैसेज आया।
मैसेज भेजने वाले नंबर की DP में परिवहन विभाग का लोगो लगा हुआ था, जिससे मैसेज पूरी तरह से असली प्रतीत हो रहा था। मैसेज में एक APK लिंक भेजा गया था और उसमें पीड़ित की मोटरसाइकिल का नंबर लिखकर दावा किया गया कि उनके वाहन का ई-चालान काटा गया है।
पीड़ित ने यह सोचकर कि शायद सच में उनके वाहन का चालान आया है, लिंक पर क्लिक कर दिया। बस यहीं से ठगी की शुरुआत हो गई। लिंक पर क्लिक करते ही कुछ ही मिनटों के भीतर लगातार ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से UPI माध्यम से ₹5,00,199 रुपये निकाल लिए गए।
5 मिनट में साफ हो गया खाता
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी ठगी की वारदात महज 5 मिनट के भीतर अंजाम दे दी गई। पीड़ित को जब तक कुछ समझ आता, तब तक उनकी जिंदगी भर की कमाई साइबर ठग उड़ा चुके थे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की सख्त अपील
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि—
- किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें
- APK फाइल किसी भी स्थिति में डाउनलोड न करें
- बैंक, UPI, OTP या अकाउंट से जुड़ी जानकारी किसी से साझा न करें
- सरकारी विभाग के नाम से आए मैसेज की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से पुष्टि जरूर करें
SSP रजनेश सिंह ने कहा,
“साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है। एक पल की लापरवाही आपकी जिंदगी भर की कमाई छीन सकती है।”
जागरूकता ही बचाव
पुलिस का कहना है कि आज के डिजिटल युग में हर व्यक्ति को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। ठग लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए सावधानी, समझदारी और जागरूकता ही इससे बचने का एकमात्र उपाय है।
सावधान ‼️ सावधान ‼️ सावधान ‼️
एक क्लिक, पूरी जिंदगी की कमाई खत्म कर सकता है।
खुद भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।


