बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसायकल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त पुलिस टीम की सघन कार्रवाई में कुल 05 चोरी की मोटरसायकलें जप्त की गई हैं। इस मामले में एक खरीददार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अपचारी बालकों को विधिवत अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिम्स अस्पताल परिसर से वाहन चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन मामलों में पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी। रजनेश सिंह के निर्देशन तथा पंकज कुमार पटेल एवं गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना सरकंडा के सामने वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो अपचारी बालकों को एक्टिवा वाहन क्रमांक CG12-AJ-5669 को शराब के नशे में चलाते हुए पकड़ा। सशक्त ऐप के माध्यम से वाहन की जांच करने पर यह थाना सिटी कोतवाली के अपराध क्रमांक 48/26 में चोरी का पाया गया।
इसके बाद संयुक्त टीम (थाना सिटी कोतवाली, थाना सरकंडा एवं एसीसीयू) द्वारा दोनों अपचारी बालकों से पूछताछ की गई। पूछताछ में 17 वर्षीय अपचारी बालक ने अपने 15 वर्षीय साथी के साथ मिलकर सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटरसायकल चोरी करना स्वीकार किया।
चोरी की गई मोटरसायकलें
आरोपियों की निशानदेही पर निम्नलिखित 05 वाहन जप्त किए गए—
- एक्टिवा – CG12-AJ-5669
- पल्सर – CG10-AB-4435
- एचएफ डीलक्स – CG10-AG-3732
- हीरो होंडा पैशन प्रो – CG10-EK-3906
- एक काले रंग की एक्टिवा (बिना नंबर)
खरीददार गिरफ्तार
आरोपियों ने हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसायकल को अल्ताफ उर्फ मोमिन (उम्र 37 वर्ष), निवासी अशोक नगर मुरूम खदान, खमतराई, सरकंडा, बिलासपुर को मात्र 2000 रुपये में बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने उक्त खरीददार के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इसके अलावा आरोपियों ने नांदघाट, दामाखेड़ा के टेमरी मेला क्षेत्र से एक काले रंग की एक्टिवा चोरी करना भी स्वीकार किया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर वाहन पार्क करते समय लॉकिंग और अन्य सुरक्षा उपाय अवश्य अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सिटी कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरों और उनसे जुड़े अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


