Saturday, February 21, 2026
Homeक्राइमबिलासपुर एसीबी की बड़ी कार्रवाई: फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रुपये रिश्वत लेते...

बिलासपुर एसीबी की बड़ी कार्रवाई: फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एक लाख की थी मांग…

बिलासपुर, 21 फरवरी 2026। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर इकाई ने शनिवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी द्वारा एक लाख रुपये की मांग की गई थी। एसीबी टीम ने मौके से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली है और आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह के अनुसार, ग्राम विद्याडीह, थाना मस्तूरी निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी 2026 को एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम विद्याडीह में शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन वर्तमान में पंचायत द्वारा किया जा रहा है। उक्त दुकान को “शैल स्व सहायता समूह” विद्याडीह को आबंटित करने के लिए करीब तीन माह पूर्व एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन प्रस्तुत किया गया था।

समूह के सदस्यों द्वारा महेंद्र पटेल को दुकान आबंटन प्रक्रिया में मदद करने के लिए कहा गया। जब महेंद्र पटेल ने इस संबंध में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार से संपर्क किया, तो उन्होंने एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर दुकान आबंटन आदेश जारी करवाने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता, बल्कि आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता है।

शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की तैयारी की। 21 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता को 90 हजार रुपये की व्यवस्था कर आरोपी को देने के लिए भेजा गया।

बताया गया कि आरोपी फूड इंस्पेक्टर ने महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित अपने आवास पर शिकायतकर्ता से 90 हजार रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की। जैसे ही रकम ली गई, पहले से घात लगाए एसीबी दल ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर ही पूरी राशि बरामद कर ली गई।

एसीबी द्वारा आरोपी के निवास पर तलाशी की कार्रवाई भी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

इस वर्ष की लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई

गौरतलब है कि एसीबी बिलासपुर द्वारा हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के बाबू तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी सहित चार अन्य मामलों में भी ट्रैप कार्रवाई की जा चुकी है। वर्ष 2026 में यह एसीबी बिलासपुर की लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights