Monday, June 30, 2025
Homeबिलासपुरजोगी की पार्टी तीसरी नहीं, बल्कि पहली शक्ति है… बृजेश साहू....पढ़िए ताज़ाख़बर36गढ़...

जोगी की पार्टी तीसरी नहीं, बल्कि पहली शक्ति है… बृजेश साहू….पढ़िए ताज़ाख़बर36गढ़ से ख़ास बातचीत

बिलासपुर(ताज़ाख़बर36गढ़) गुलाबी कुर्ता और सादा पजामा पहना एक शख्स… हाथों में गुलदस्ता लेकर उन्हें बधाई देने वालों का तांता… पल-पल में ग्रुपिंग फोटो… मंच पर छत्तीसगढ़ी गीतों की धूम… तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता हॉल…। यह नजारा था बुधवार दोपहर 1 से 4 बजे तक रेलवे क्षेत्र के तितली चौक स्थित सांस्कृतिक निकेतन भवन का। दरअसल, यहां जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के बिलासपुर विधानसभा प्रत्याशी बृजेश साहू के जन्मदिन पर एक जलसा रखा गया था, जिसमें हजारों की संख्या में शामिल होकर लोगों ने उनका बर्थ-डे सेलिबेट किया। इस दौरान जनता ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव करने का आशीर्वाद दिया। जकांछ प्रत्याशी साहू ने ताज़ाख़बर36गढ़ से खास बातचीत करते हुए कहा कि सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी पार्टी कांग्रेस के लोग पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की क्षेत्रीय पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे को प्रदेश में तीसरी शक्ति के रूप में आंक रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है। महज दो साल में हमारी पार्टी ने जनता के मन अपनी अलग छाप छोड़ी है।आगामी विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद साफ हो जाएगा कि जोगी की पार्टी तीसरी नहीं,बल्कि प्रदेश में पहली शक्ति है।

बातचीत का मुख्य अंश:-

सवाल: आज आपका जन्मदिन है। आप कहीं भी अपना बर्थ-डे सेलिब्रेट कर सकते थे, लेकिन रेलवे क्षेत्र को ही क्यों चुना?

जवाब: मेरे जन्मदिन पर मेरे शुभचिंतकों ने यहां पर इसलिए एक छोटा सा कार्यक्रम रखा है, क्योंकि रेलवे क्षेत्र हमारे शहर से कटा हुआ और वंचित क्षेत्र है। रेलवे के अधिकारी भी एक तरह से क्षेत्र के विकास में ध्यान नहीं देते और नगर निगम भी रेलवे क्षेत्र को अपने से अलग मानता है। यहां का विकास और देखरेख नहीं हो पाता है। रेलवे क्षेत्र में ऐसे कई मोहल्ले हैं। जैसे बापूनगर, बंगलायार्ड। और भी मोहल्ले हैं, जहां स्लम एरिया में मजदूर और रिक्शा चलाने वाले रहते हैं। उनकी सुविधाओं के लिए कोई ध्यान नहीं देता है। जनवरी से मुझे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे की ओर से बिलासपुर विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया गया है, तब से मैं लगातार शहर का भ्रमण कर रहा हूं। ज्यादातर दौरा और ज्यादातर लोगों से मिलना-जुलना रेलवे क्षेत्र के लोगों से ज्यादा रहता है। इसलिए आने वाले समय में यहां की समस्याओं के बारे मे अवगत हो सकूं। सभी की क्या समस्याएं हैं। क्या दुख-दर्द है, उसे अच्छे से जान सकूं, ताकि हम लोग आने वाले समय में ऐसे लोगों की सेवा कर सकें और यहां का अच्छा विकास कर सकें। रेलवे क्षेत्र से हजारों की तादाद में लोग आए हुए हैं मुझे आशीर्वाद देने। यहां मुझे परिवार जैसा माहौल मिल रहा है।

सवाल: आप अपने जन्मदिन के बहाने विरोधियों… जैसे कि भाजपा, कांग्रेस और आप पार्टी को क्या संदेश देना चाहेंगे?

जवाब: मैं… उन्हें यही संदेश देना चाहूंगा कि वो हमारी पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे को कम न आंकें। अभी राजनीति से जुड़े लोग हमारी पार्टी को प्रदेश में तीसरी शक्ति के रूप में देख रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है। मैं उन्हें बताना चाहूंगा कि पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी प्रदेश में पहली शक्ति है और विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद साफ हो जाएगा। मेरी पदयात्रा और जनसंपर्क का दूसरा चरण है। जहां भी जा रहा हूं… सभी का एक ही कहना है कि भइया निश्चित रूप से इस बार बदलाव का वक्त है और हम आपको जिताकर बदलाव लाएंगे। जनता चाह रही है कि यहां परिवर्तन हो। जनता का उत्साह बता रहा है कि निश्चित रूप से इस बार बिलासपुर विधानसभा से हम चुनाव जीतेंगे। हमारी पार्टी के प्रति लोगों का मन से जुड़ाव है, क्योंकि यह छत्तीसगढ़ की पार्टी है। स्थानीय पार्टी है। लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार प्रदेश में जोगी की पार्टी को ही सत्ता में बिठाना है।

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest