Friday, February 20, 2026
Homeअन्यबाल तस्करी मामले में CID ने की भाजपा सांसद रूपा गांगुली से...

बाल तस्करी मामले में CID ने की भाजपा सांसद रूपा गांगुली से पूछताछ

पश्चिम बंगाल सीआईडी ने जलपाईगुड़ी बाल तस्करी मामले में भाजपा की राज्यसभा सदस्य रूपा गांगुली से पूछताछ की. पूछताछ के बारे में सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने  जानकारी दी.
एजेंसी के अधिकारियों का एक दल भाजपा की महिला इकाई की पूर्व महासचिव जूही चौधरी से कथित मुलाकात पर पूछताछ के लिए रूपा गांगुली के दक्षिणी कोलकाता स्थित घर गया. जूही इस मामले में आरोपी हैं और जेल में हैं.
अपराध अनुसंधान शाखा (सीआईडी) ने इस साल बाल तस्करी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया था, जो गोद लेने के अवैध सौदों के जरिए शिशुओं और बच्चों को कथित रूप से बेचता था. कुछ विदेशियों को भी बच्चे बेचे जाते थे.
रूपा ने बाद में संवाददाताओं से कहा, ‘वे मामले को सुलझाने तथा स्थिति को समझने के लिए कुछ सवाल पूछना चाहते थे. मैं जो जानती थी, मैंने उन्हें बता दिया. मेरे खिलाफ कोई आरोप नहीं है. यह राजनीतिक प्रतिशोध है. मैं यह पहले दिन से कह रही हूं. वे मेरा समय बर्बाद कर रहे हैं.’
उन्‍होंने राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जाने के आरोप लगाए हैं. राज्य सीआईडी ने इसी मामले में पूछताछ के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित दो अन्य नेताओं को भी समन भेजा था.
सीआईडी ने बच्चों की तस्करी के आरोपों के तहत दार्जिलिंग में एक बाल सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख और बाल कल्याण समिति के एक सदस्य समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है. ये गिरफ्तारियां जलपाईगुड़ी शहर में बिमला शिशु गृह में बच्चे को गोद देने के नाम पर तस्करी करने वाले गिरोह की जांच के बढ़ते दायरे का हिस्सा हैं.
भाजपा की महिला इकाई से बर्खास्त की गई नेता जूही चौधरी और बाल गृह की वरिष्ठ अधिकारी सोनाली मंडल, गृह की अध्यक्ष चंदना चक्रवर्ती और उसके भाई मानस भौमिक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
उन पर इन झूठे दावों के आधार पर विदेशियों को एक से 14 साल के करीब 17 बच्चों को बेचने का आरोप है. सीआईडी ने गत वर्ष नवंबर में उत्तर 24 परगना जिले के बदुरिया इलाके, कोलकाता के दक्षिणी हिस्से में बेहाला तथा दक्षिण बंगाल के कुछ अन्य हिस्सों में बाल गृहों तथा नर्सिंग होम पर छापेमारी के दौरान बाल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया था
spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights