दिसंबर में छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होना है। इसके मद्देनजर सभी राजनीतिक पार्टियां चुनावी रंग में रंग गई है। आम आदमी पार्टी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे ने अधिकांश सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। कांग्रेस पार्टी में प्रत्याशी चयन को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक चल रही है तो भाजपा में भी दावेदारों के नामों पर मंथन शुरू हो गया है। दिल्ली में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी की नजर छत्तीसगढ़ पर लग गई है। आप पार्टी यहां की पूरी 90 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। आम आदमी पार्टी की विधायक लांबा पहली बार 30 अगस्त को बिलासपुर आ रही हैं। वे यहां आम आदमी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगी। इसके लिए 30 अगस्त की शाम 4 बजे व्यापार विहार स्थित त्रिवेणी भवन में विजन छत्तीसगढ़-यूथ डायलॉग कार्यक्रम आयोजित किया गया है। बिल्हा विधानसभा के प्रत्याशी सरदार जसबीर सिंग ने बताया कि कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में युवा शामिल होंगे, जो सीधे प्रचारक लांबा से सवाल कर सकेंगे। कार्यक्रम की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। बता दें कि लांबा के आने से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखने लगा है। उनके दौरे से कयास लगाया जा रहा है कि प्रदेश में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी।


