Friday, March 13, 2026
Homeबिलासपुरमंत्री अमर अग्रवाल का बड़ा दांव... निर्दलीय पार्षद संजय यादव को भाजपा...

मंत्री अमर अग्रवाल का बड़ा दांव… निर्दलीय पार्षद संजय यादव को भाजपा में कराया प्रवेश… राजेंद्र नगर वार्ड से लगातार चुनाव हारते आ रहे थे अमर… जानिए पूरन छाबरिया के आरोप पर मंत्री ने क्या कहा…


बिलासपुर/ नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने शुक्रवार को बड़ा दांव खेल दिया है। उन्होंने शहर के वार्ड नंबर 10 राजेंद्र नगर के निर्दलीय पार्षद संजय यादव को भाजपा में प्रवेश कराया। इस दौरान पार्षद यादव ने कहा कि वार्ड के विकास कराने में मंत्री अग्रवाल हमेशा से सहयोग करते आ रहे हैं। अब थोड़ा-बहुत जो विकास कार्य रुक गए होंगे, उसे पूरा कराने में और मदद मिलेगी।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि राजेंद्र नगर वार्ड के निर्दलीय पार्षद यादव के प्रवेश करने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। अब तक वे हर चुनाव राजेंद्र नगर से हारते आ रहे हैं। यादव के आ जाने से अब उन्हें विधानसभा चुनाव में इस वार्ड से हार का सामना नहीं करना पड़ेगा।

शुक्रवार शाम 4 बजे निर्दलीय पार्षद यादव को मंत्री अग्रवाल ने भाजपा का गमछा और मिठाई खिलाकर भाजपा में प्रवेश कराया। इस दौरान एल्डरमैन मनीष अग्रवाल, राजेंद्र भंडारी, भाजपा नेता बेनी गुप्ता आदि मौजूद थे।

ऋण चुकाने का मौका मिला: संजय

भाजपा प्रवेश के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पार्षद संजय यादव ने कहा कि उन्होंने एक समय कांग्रेस से पार्षद का टिकट मांगा था, उस समय कांग्रेस ने उन्हें नकार दिया। तब से वे पार्षद का चुनाव निर्दलीय लड़ते आ रहे हैं। वे लगातार दो बार से राजेंद्र नगर वार्ड से निर्दलीय पार्षद हैं। वार्ड के विकास को लेकर वे हमेशा मंत्री अग्रवाल से मिलते रहे हैं और मंत्री उन्हें हर संभव मदद करते रहे हैं। आज वार्ड में जो भी विकास हुए हैं, वह मंत्री के सहयोग से ही संभव हुआ है। एक तरह से वे मंत्री के ऋणी हो गए हैं। आज वह ऋण चुकाने का मौका मिला तो उन्होंने भाजपा प्रवेश कर लिया। उन्होंने कहा कि उनका चुनाव चिन्ह सीढ़ी छाप रहा है। उनके समर्थक कहते थे कि किसी पार्टी को ज्वाइन कर लो तो उनका कहना रहता था कि वे सीढ़ी छाप से चुनाव जीतते आ रहे हैं। जब लगेगा कि किसी पार्टी को ज्वाइन करना है तो वे सीढ़ी लगाकर चढ़ जाएंगे। आज उन्होंने उसी सीढ़ी से चढ़कर भाजपा में प्रवेश कर लिया है।

जब भी मुलाकात होती थी, हंसते थे और आज आ गए साथ: अमर

मंत्री अग्रवाल का कहना था कि पार्षद संजय यादव से उनकी हमेशा मुलाकात होती थी। वे उन्हें कहते थे कि भाजपा में प्रवेश कर लो तो वे हंसते थे। अब वह भाजपा के साथ आ गए हैं। उनके आने से भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में लाभ मिलेगा।

जो गलत करता है, वह डरता है

पेंड्रा के भाजपा नेता पूरन छाबरिया द्वारा आपसे जान को खतरा होने के सवाल पर मंत्री अग्रवाल का कहना था कि जो गलत काम करता है, वह डरता है। जो आदमी गलत काम करना छोड़ देगा, उसे किसी से डर नहीं रहेगा। उन्होंने थाने में उनके द्वारा दी गई लिखित शिकायत के बारे में कहा कि उन्होंने उसे पढ़ा है, उसमें उन्होंने जिस बात का उल्लेख किया है, उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है।

 

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights