Thursday, March 12, 2026
Homeबिलासपुरतखतपुर में राहुल बोले- कांग्रेस की सरकार आने पर जनता का पैसा...

तखतपुर में राहुल बोले- कांग्रेस की सरकार आने पर जनता का पैसा स्कूल, कालेज, अस्पताल, यूनिवर्सिटी में उपयोग होगा… किसानों को पिछले दो साल का बोनस देंगे…


बिलासपुर/ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को तखतपुर में आयोजित सभा में भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कई मुद्दों पर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को घेरते हुए तीखा हमला किया और मोदी और रमन सरकार को प्रदेश की जनता के साथ धोखा देना बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों युवा बेरोजगार हैं। यहां 60 हजार शिक्षकों की कमी है। 2 हजार लेक्चररों की कमी है। 3 हजार आदिवासी स्कूल बंद हो चुके हैं और सरकार आउट सोर्सिंग से सरकारी पदों पर भर्ती कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही आउटसोर्सिंग बंद की जाएगी। आज गरीब का बेटा-बेटी स्कूलों में जाने को मोहताज है। कांग्रेस की सरकार आने पर जनता का पैसा स्कूल, कालेज, अस्पताल, यूनिवर्सिटी में उपयोग होगा। कांग्रेस की सरकार आने पर इलाज के साथ दवाई का वितरण भी मुफ्त होगा।

पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान पर

उन्होंने पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों को लेकर मोदी पर तीखा हमला बोला और कहा कि देश में लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। गरीब जनता से केरोसिन छीनकर सरकार गैस का भी दाम बढ़ा रही है। सरकार ने 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपए उद्योगपतियों का माफ किया, लेकिन देश के किसानों का कर्जा माफ नहीं किया। कर्ज की वजह से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 10 दिनों के भीतर ही सरकार किसानों का सारा कर्ज माफ करेगी।

किसानों को दो साल का बकाया बोनस मिलेगा

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जो दो साल का बोनस किसानों को नहीं दिया, कांग्रेस की सरकार उस दौरान का बोनस भी देगी और 2500 रुपए समर्थन मूल्य के साथ धान खरीदा जाएगा। हर जिले में फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्री खोली जाएगी, उस फैक्ट्री में किसानों की सब्जियां और फलों को फूड प्रोसेसिंग के लिए लिया जाएगा। उस फैक्ट्री में बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।

छत्तीसगढ़ियों से जमीन छीनकर उद्योगपतियों को दे दिया

जमीन अधिग्रहण मामले में बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर यहां के आदिवासियों और किसानों का हक है और सरकार बनने पर बगैर किसान और आदिवासी से पूछे उनकी जमीनों का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। राहुल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही सारे वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए पंजाब और कर्नाटक का उदाहरण दिया, जहां कांग्रेस ने सरकार बनाई है और किसानों का कर्ज माफ किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 15 सालों तक शोषण किया है। यहां अपार संपदा है बीजेपी ने 15 सालों में छत्तीसगढ़ियों से छीनकर उद्योगपतियों को दे दिया।

निरव मोदी ,ललित मोदी, विजय माल्या की कंपनी करोड़ों रुपए लेकर फरार

प्रदेश में हुए नान घोटाले का मामला भी राहुल गांधी ने उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 सालों में चोरी और भ्रष्टाचार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सब कुछ जानकर मौन हैं। नोटबंदी पर राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने गरीबों का पैसा छीन लिया। गरीबों को नरेंद्र मोदी ने बैंकों की लाइन में खड़ा करा दिया। कोई बड़ा उद्योगपति और नेता लाइन में नहीं दिखे। सभा को पीसीसी चेयरमैन भूपेश बघेल ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत, तखतपुर से कांग्रेस प्रत्याशी रश्मि सिंह, बिलासपुर प्रत्याशी शैलेष पांडेय, कोटा प्रत्याशी विभोर सिंह, बेलतरा प्रत्याशी राजेंद्र साहू, मस्तूरी प्रत्याशी दिलीप लहरिया, मरवाही प्रत्याशी गुलाब सिंह राज, बिल्हा प्रत्याशी राजेंद्र शुक्ला, जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी, आशीष सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम शिवहरे, अटल श्रीवास्तव, महेंद्र गंगोत्री, जगजीत सिंह मक्कड़, सुरेन्द्र कौर मक्कड़, जितेंद्र पांडेय, बाटू सिंह, सुनील शुक्ला, चीका बाजपेयी, शिव बालक कौशिक, मोहित सिंह, कैलाश देवागन, बिहारी देवगान, संदीप खाण्डेय, टेकचंद कारड़ा, ज्ञान सिंह, पवन पाण्डेय, राजू साहू, आतम जीत मुकिम अंसारी, अशरफ वनक, राजू ठाकुर, मोहित सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights