Friday, March 13, 2026
Homeबिलासपुरमुख्यमंत्री बघेल ने रमन और मोदी पर साधा निशाना...कहा- हम वो नहीं...

मुख्यमंत्री बघेल ने रमन और मोदी पर साधा निशाना…कहा- हम वो नहीं जो वायदे कर भूल जाएं…नेताप्रतिपक्ष के चॉबीदार हैं रमन…वो जितना चॉबी भरते हैं, उतना ही बोलते हैं…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को यहां लालबहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित लोकसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की पूर्व सरकार पर जमकर निशाना साधा। 15 साल सत्ता में रहने वाले कहते हैं कि खजाना खाली है। छत्तीसगढ़ दिवालिया के कगार पर है। मैं रमन सिंह से पूछना चाहता हूं… मुझे तो मुख्यमंत्री बने तीन महीने हुए हैं। तीन कार्यकाल आपका रहा। जब हम लोग तीन साल थे, तब चार सौ करोड़ छोड़कर गए थे। और आप जब सीएम पद से हटे, इस प्रदेश में 50 हजार करोड़ का कर्जा है। इसके बाद भी जो हमने जनता से वायदा किया था, वो हम पूरा कर रहे हैं। रमन सिंह जी हम वो नहीं हैं, जो वादा करें। वोट पाए और भूल गए। आदिवासियों से आपने वायदा किया था। किसानों से आपने वायदा किया था। नौजवानों से वायदा किया था। महिलाओं से वायदा किया था। 15 साल आपको मिला, लेकिन किसी वादे को पूरा नहीं किया। अब वायदा हमने पूरा किया है, जो कहा, वो किया।

सीएम बघेल ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर पैसा कहां गया। फिर खुद ही जनता को बताया कि भ्रष्टाचार में, कमीशनखोरी में, चावल के कमीशन में, दाल के कमीशन में और आखिरी में मोबाइल के कमीशन में।

उन्होंने भीड़ भरी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज लोकसभा का चुनाव है। देश का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। जो छत्तीसगढ़ को नुकसान हुआ है, वो देश को नुकसान हुआ है। नुकसान हुआ है किसानों का। उन्होंने कहा था कि स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करेंगे, पर नहीं हुआ। काला धन वापस लाने वाले थे। देश का धन विदेश भेजने का काम मोदी ने किया है।

सवाल पूछना अपराध है तो मैं भी अपराधी

सीएम ने हुंकार भरते हुए कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता का नुकसान हुआ तो सवाल पूछना पड़ा। सवाल करो तो पत्रकारों को झिड़की मिलती है। सवाल करो तो किसानों को फांसी के फंदे में झूलने पर मजबूर कर देते हैं। सवाल करो तो ये लोग देशद्रोही कह देते हैं। सवाल पूछना मोदी की सरकार में अपराध है। जनता को सवाल पूछने का अधिकार है। हम तो विपक्ष वाले हैं। हम सवाल करेंगे। आप अपराधी बनाते हैं तो बनाते रहिए। यदि सवाल पूछना अपराध है तो हम भी अपराधी हैं। सवाल तो है… विदेश से काला धन क्यों नहीं आया। सवाल तो है… खातों में 15 लाख क्यों नहीं आया। सवाल तो है… स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट क्यों लागू नहीं की गई। सवाल तो है… 10 करोड़ लोगों को रोजगार क्यों नहीं मिला।

जो हमने कहा, वो हमने किया

सीएम बघेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जितने भी वायदे किए थे, वो सारे वायदे हमने पूरे कर लिए हैं। चाहे किसान, चाहे आदिवासी हो, चाहे बेरोजगार साथी हो, सभी मुद्दों पर हमने फैसले लिए।

नेताप्रतिपक्ष के चॉबीदार हैं रमन

सीएम ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की स्थिति ऐसी है, जैसे रमन सिंह चाबीदार। वो जितना चॉबी भरते हैं, वो उतना बोलते हैं। आज तक नेताप्रतिपक्ष ने अपने मन की बात नहीं कही। आपके ही जिले के हैं।

विश्वास दिलाता हूं… जीत दर्ज जरूर करूंगा: अटल

कांग्रेस के बिलासपुर सांसद प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने एक जमीन कार्यकर्ता को सांसद का टिकट देने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर वरिष्ठ नेताओं, सीएम भूपेश बघेल आदि का आभार व्यक्त किया और कहा कि मैं आप लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि जैसे आप लोगों ने मुझ पर भरोसा जताया है, मैं चुनाव में जीत दर्ज जरूर करूंगा।

गुड़ाखूवाले की फैक्ट्री की नीलामी है… शैलेश

बिलासपुर विधायक शैलेश पांडेय ने पूर्व मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मस्तूरी क्षेत्र में उनके परिवार की एक फैक्ट्री है, जो 200 करोड़ में नीलाम होने वाली है। उस फैक्ट्री को उतने में कौन खरीदेगा। ये लोग खुद ही 30-40 करोड़ में खरीद लेंगे। इससे सरकार को ही राजस्व का नुकसान होगा। यहां भी एक नीरव मोदी पैदा हो गया है।

अब लगा छत्तीसगढ़ियों की सरकार है: भगत

विधायक अमरजीत भगत का कहना था कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई, तब लगा कि यह सरकार छत्तीसगढ़ियों की है। तमाम मंत्रियों के नाम सुनते ही समझ में आ जाता है कि ये सभी छत्तीसगढ़ के हैं। इससे पहले वाली सरकार के मंत्रियों के नाम सुनने पर लगता था कि हम पर हरियाणा और राजस्थान के लोग राज कर रहे हैं।

जितनी लाठियां खाईं, उतने वोटों से हराना है: चौबे

मंत्री रविंद्र चौबे ने कांग्रेस भवन में हुए लाठीचार्ज की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि आम जनता के हित में आवाज उठाने वाले अटल श्रीवास्तव को भाजपा सरकार ने पुलिस से पिटवाया। पूरे शरीर पर उन्होंने लाठियां खाईं। अब वक्त आ गया है… जितनी लाठियां उन्होंने खाई है, उतने वोटों से भाजपा को हराना है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights