Saturday, March 14, 2026
Homeबिलासपुरलोकसभा चुनाव 2019: प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पदों पर बैठने वालों...

लोकसभा चुनाव 2019: प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पदों पर बैठने वालों के झूठ और फरेब से लोकतंत्र में आस्था होती है कम…भूपेश

बिलासपुर। जिले के बेलतरा विधानसभा के धुर आदिवासी क्षेत्र में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने ठेंठ अंदाज में भाजपा और मोदी पर जमकर बरसे और कांग्रेस प्रत्याशी का नाम लिए बिना कांग्रेस के पक्ष में जमकर माहौल बनाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आदिवासी गदगद हो गए, किसानों के हित में किए गये राज्य सरकार के त्वरित निर्णयों से ग्रामीणों में मुख्यमंत्री के प्रति जमकर उत्साह व प्रेम दिखायी देता है। जोगी कांग्रेस को लिम्हा में फिर से एक बड़ा झटका लगा पार्टी के संस्थापक सदस्यों में एक अनिल टाह, दिलीप मिरी ने सैकड़ों समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष कांग्रेस प्रवेश किया, वहीं भाजपा के सीपत क्षेत्र के प्रभावी नेता सनत मिश्रा ने भी कांग्रेस का दामन थाम कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अटल श्रीवास्तव को योग्य प्रत्याशी बताते हुए आस्था जतायी।

बेलतरा क्षेत्र के लिम्हा में आयोजित आम सभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आधे घंटे के भाषण में ठेंठ छत्तीसढिया अंदाज में प्रधानमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि अच्छे दिन आये, 15 लाख रू. तो आ ही गये होंगे, धारा 370, राम मंदिर, काला धन, बुलेट ट्रेन, गंगा सफाई जैसे सभी मुद्दे उठाते हुए कहा कि यह तो जरूर हो गया होगा इस पर जनता के नहीं कहने पर मुख्यमंत्री भूपेष बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति सारी बातें झूठी कैसे कर सकता है। लोकतंत्र से लोगों का भरोसा उठ जायेगा, कभी चाय वाला, कभी गंगा का बेटा, कभी फकीर, कभी चौकीदार, कभी 10 लाख का सूट बूट पहनने वाला खुद ही तो नहीं भूल गया कि वह खुद क्या है। ऐसे बहुरूपियों से देश और लोकतंत्र को बचाना है, जाति धर्म के नाम पर बरगलाने वाले अब विकास के मुद्दे पर चुनाव क्यों नहीं लड़ते। गरीब और किसान की बात क्यों नहीं करते, प्रश्नों से क्यों डरते हैं, अपने ही मन की बात क्यों करते हैं जनता के मन की क्यों नही समझते।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गांव, गरीब, किसान, कोला, बारी, नरवा, घुरूवा की बात कर ग्रामीणों का दिल जीत लिया। आदिवासियों के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो आदिवासी जहां वर्षों से काबिज है वह उसका स्वामित्व है और उसे छत्तीसगढ़ में कोई वहां से वंचित नहीं कर सकता। मंत्री जय सिंह ने मोर्चा संभालते ही कहा कि भाजपा ने प्रदेश के भोले भाले लोगों को वर्षों से छला है, चप्पल, सायकल, रांपा, कुदाली में कमीशनखोरी कर ठगने का कार्य किया किसानों को सक्षम बनाने, उनकी फसल का उचित दाम देकर उनको सभी चीजें खरीदने की शक्ति हमारे नेता राहुल गांधी और भूपेश बघेल ने दी।

कार्यक्रम का आयोजन बेलतरा के पास स्थित लिम्हा में किया गया था जिसका संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने करते हुए छजका व भाजपा से आये महत्वपूर्ण नेताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष कांग्रेस प्रवेश की औपचारिकताएं पूरीं करवायी जिसमें जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने सह संचालक की भूमिका अदा की। सभा का स्वागत भाषण कार्यक्रम के प्रभारी अजय सिंह ने देते हुए लिम्हा में आदिवासियों और ग्रामीणों की तरफ से मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए किसानों के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यां का उल्लेख करते हुए किसानों आदिवासियों की तरफ से आभार जताया।

बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों और आदिवासियों की उपस्थिति व मुख्यमंत्री के ठेंठ अंदाज ने कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का कार्य किया। मंच पर उपस्थित प्रमुख कांग्रेसियों में वैजनाथ चंद्राकर, चंद्रप्रक्राश वाजपेयी, रमेश कौशिक, भुवनेश्वर यादव, राजेन्द्र साहू, अशोक अग्रवाल, विरेन्द्र साहू, विनय शुक्ला, झगर राम सूर्यवंशी, राजेन्द्र धीवर, शिवा मिश्रा, स्वपनिल शुक्ला, सिद्धांशु मिश्रा, विनय शुक्ला, त्रिलोक श्रीवास, पिनाल उपवेजा, चंदन कुलस्त, सत्येन्द्र कौशिक, गांव के सरपंच भागवत सारथी, दिनेश कश्यप, रोहित कौशिक, रवि परिहार, चंदन सोरठे आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।

कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सभा के बाद वरिष्ठ नेता अनिल टाह को साथ लेकर हेलीकॉफ्टर से मुंगेली के लिए रवाना हुए। 16 अप्रैल को मुख्यमंत्री के मल्हार आगमन के दौरान मस्तूरी क्षेत्र के जनता कांग्रेस के राजेश्वर भार्गव व पामगढ क्षेत्र की आशा साहू ने कांग्रेस प्रवेश किया था। बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के 08 विधानसभा में से जनता कांग्रेस के मुंगेली से चंद्रभान बारमते, बिल्हा से सियाराम कौशिक, तखतपुर से संतोष कौशिक, बिलासपुर से बृजेश साहू, बेलतरा से अनिल टाह कांग्रेस में घर वापसी कर चुके हैं। इससे कांग्रेस को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights