Thursday, March 5, 2026
Homeखेलबीसीसीआई ने खेल रत्न के लिए रोहित शर्मा और अर्जुन अवॉर्ड के...

बीसीसीआई ने खेल रत्न के लिए रोहित शर्मा और अर्जुन अवॉर्ड के लिए शिखर धवन-इशांत और दीप्ति शर्मा का नाम भेजा…

पिछले साल एक दिवसीय विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले रोहित शर्मा के नाम की बीसीसीआई ने ‘खेल रत्न’ पुरस्कार के लिए सिफारिश की है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को यह जानकारी दी। रोहित के सलामी जोड़ीदार शिखर धवन का नाम एक बार फिर अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है। भारतीय टीम के सबसे सीनियर तेज गेंदबाज इशांत शर्मा के नाम की भी सिफारिश अर्जुन पुरस्कार के लिए की गई है। बता दें कि बाएं हाथ के बल्लेबाज धवन 2018 में अर्जुन पुरस्कार से चूक गए थे। महिला वर्ग में ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है जो पिछले तीन साल से वनडे और टी20 दोनों में शानदार प्रदर्शन कर रही है।

भारतीय कप्तान विराट कोहली को 2018 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया गया था। इस साल के अर्जुन अवॉर्ड और खेल रत्न के लिए जनवरी 2016 से दिसंबर 2019 तक के प्रदर्शन पर विचार किया जाएगा। बता दें कि कोरोनावायरस की वजह से इस बार खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के दावेदारों से नामांकन ई-मेल से मंगाए। आमतौर पर नामांकन भेजने की प्रक्रिया अप्रैल में ही शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार लॉकडाउन की वजह से मई में आवेदन मांगे गए हैं।

मंत्रालय ने इसके लिए सर्कुलर जारी किया है। इसके मुताबिक, कोरोना वायरस महामारी के कारण पूरा देश लॉकडाउन है। ऐसे में नामांकन के दस्तावेज डाक के जरिए भेजने के बजाए आवेदन की स्कैन कॉपी ई-मेल के जरिए सीधे खेल मंत्रालय को भेजें। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा कि भारतीय सरकार के खेल मंत्रालय ने एक जनवरी, 2019 से लेकर 31 दिसंबर, 2019 तक के कार्यकाल के लिए आवेदन मांगे थे।

बयान में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि हमने इन नामों को चुनने से पहले काफी सारा डाटा देखा और कई पैमानों को लेकर चर्चा की। रोहित ने एक बल्लेबाज के तौर पर कई सारे बेंचमार्क तय किए हैं और वो सब हासिल किया है जो कई सारे खिलाड़ी नहीं कर पाए। हमें लगता है कि वह खेल रत्न पाने के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि इशांत टेस्ट टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं और भारत को नंबर-1 टीम बनाने में उनका अच्छा खासा योगदान रहा है। शिखर भी लगातार अच्छा कर रहे हैं और आईसीसी टूर्नामेंट्स में उनका प्रदर्शन काफी अहम रहा है। वहीं दीप्ति बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं और टीम की सफलता में उनका योगदान भी काफी उपयोगी रहा है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights