बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में खुद को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक युवक से डराने-धमकाने और पैसे वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अभिषेक सिंह, निवासी करगी खुर्द कोटा, ने थाने पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। अपने आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य जिले में पदस्थ एक आरक्षक ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर स्वयं को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। आरोपियों ने प्रार्थी को एक आपराधिक प्रकरण में फंसाने की धमकी दी और दबाव बनाकर उससे रुपए ले लिए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों में कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं जो पूर्व में पुलिस लाइन में हायर व्हीकल के ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे। पद और विभाग का भय दिखाकर प्रार्थी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और आर्थिक लाभ उठाया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 169/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(7), 319(2), 296, 170 और 3(5) के तहत प्रकरण कायम किया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश में टीम रवाना कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण गंभीर प्रकृति का है, क्योंकि इसमें वर्दी और पद का दुरुपयोग कर आम नागरिक को भयभीत करने का प्रयास किया गया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


