Sunday, March 15, 2026
Homeछत्तीसगढ़'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर भाजपा ने कसी कमर, कांग्रेस भी...

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भाजपा ने कसी कमर, कांग्रेस भी निकालेगी 90 विधानसभा में 75 किलोमीटर पदयात्रा…

देश के नागरिकों को 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज (National Flag) फहराने केंद्र सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया है। छत्तीसगढ़ के साथ देश के 25 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रदेश भाजपा भी तिरंगा यात्रा की तैयारियों में जुटी है। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय सहित भाजपा नेता वीडियो संदेश जारी कर घरों में तिरंगा लगाने की अपील कर रहे हैं। इधर कांग्रेस भी 9 अगस्त से पदयात्रा निकालने जा रही है। दोनों राजनीतिक दलों के बीच राष्ट्रप्रेम के बहाने सियासत शुरू हो गई है।

हर घर तिरंगा को एक जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है, जिसमें सभी की भागीदारी की अपील की जा रही है। अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है। विशेष तौर पर सोशल मीडिया का जमकर उपयोग किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सोशल मीडिया अकाउंट में डीपी और प्रोफाइल पिक लगाने की अपील की है। इधर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि 9 अगस्त से भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी। 9 से 15 तारीख तक कांग्रेस पार्टी भी 75 किलोमीटर पदयात्रा करेगी। यह आयोजन प्रदेश के हर विधानसभा में होगा।

देश प्रेम के बहाने सीधे जनता से जुड़ेंगे

आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर कांग्रेस 90 विधानसभा सीटों पर 75 किलोमीटर की पदयात्रा करेगी। प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से अभी कांग्रेस के पास 71 सीट हैं। मिशन-2023 के तहत कांग्रेस बड़ी जीत पर काम कर रही है। कांग्रेस का प्लान 75 सीटों पर जीत का है। विधानसभा चुनाव में अभी डेढ़ साल का वक्त बचा है। तिरंगा यात्रा के बहाने कांग्रेस के कार्यकर्ता एक्टिव होंगे और संगठन व सत्ता से जुड़े लोग आम जनता से सीधे जुड़ सकेंगे। भाजपा भी हर घर तिरंगा पहुंचाने के बहाने जनता के बीच पहुंचेगी, ताकि लोगों से सीधा संवाद हो, जिसका फायदा आगामी चुनाव में मिले।

‘भाजपा राष्ट्रभक्ति की नौटंकी कर रही’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजपा के तिरंगा यात्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को तिरंगे का महत्व समझने में 75 साल लग गए। भाजपा को झंडा फहराने का काम आरएसएस मुख्यालय नागपुर और देशभर के संघ कार्यालयों से शुरू कर प्रायश्चित करना चाहिए। जिनका भारत की आजादी की लड़ाई में रत्तीभर योगदान नहीं है। आज वही राष्ट्रवाद की बात कर रहे हैं। देश की आजादी में कांग्रेस का क्या योगदान है, यह सभी जानते हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के नाम पर राष्ट्रभक्ति की नौटंकी करने वाले भाजपाई आजादी की लड़ाई में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को विरोध करते थे।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights