Sunday, March 15, 2026
Homeराजनीतिछत्तीसगढ़: मिशन-2023 की तैयारियों में जुटी भाजपा, कोर ग्रुप की बैठक लेंगे...

छत्तीसगढ़: मिशन-2023 की तैयारियों में जुटी भाजपा, कोर ग्रुप की बैठक लेंगे जेपी नड्डा, सांसद-विधायकों से भी करेंगे मंत्रणा…

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा में भारी उत्साह है। नड्डा के दौरे को छत्तीसगढ़ में अगले साल होने वाले मिशन-2023 से जोड़कर देखा रहा है। जेपी नड्डा कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कोरग्रुप की बैठक लेंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, भाजपा विधायक और सांसदों से प्रदेश के हालातों पर मंत्रणा करेंगे। जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी भी रह चुके हैं, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। 9 सितंबर को राजधानी रायपुर में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन की जोर-शोर से तैयारियां चल रही है। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेशभर से कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने, उनका मार्गदर्शन और उद्बोधन सुनने उत्साहित हैं। प्रदेशभर में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ता पूरे जोश और उत्साह के साथ तैयारी में जुटे हैं। हमारी तैयारी को लेकर जिला स्तरीय बैठक, विधानसभा स्तरीय बैठक पूर्ण हो चुकी हैं। साव ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा छत्तीसगढ़ के लंबे समय तक प्रभारी रहे हैं। हम सभी कार्यकर्ताओं को उनके साथ काम करने और बहुत कुछ सीखने का अवसर भी मिला है। साव ने कहा कि साइंस कॉलेज मैदान में बड़ी सभा आयोजित है, जिसमें प्रदेशभर से 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता आएंगे। 9 सितंबर को तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे।

कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने चुनावी शंखनाद

प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा का छत्तीसगढ़ के एक-एक कार्यकर्ता के साथ आत्मीय जुड़ाव रहा हैं। वे प्रायः सभी कार्यकर्ताओं से परिचित हैं। नड्डा का विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आगमन हो रहा है। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय हैं। जेपी नड्डा 9 सितंबर की सुबह 11 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से तेलीबांधा चौक तक भाजयुमो बाइक रैली निकालेगी। वहीं पं. दीनदयाल उपाध्याय चौक तेलीबांधा से भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर तक रोड शो होगा। इसके बाद साइंस कॉलेज मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को नड्डा संबोधित करेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

दौरे पर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज

जेपी नड्डा के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी हलचल है। भाजपा भी छत्तीसगढ़ में 2023 विधानसभा चुनाव के मूड में नजर आ रही है। अगस्त में बेरोजगारी के खिलाफ बीजेपी ने बड़ा प्रदर्शन किया था। इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर आए। अब रायपुर में एक बड़ा रोड शो किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी होगी। आरएसएस के समन्वय बैठक में भी भाजपा अध्यक्ष नड्डा शामिल होंगे। यह बैठक रायपुर में ही आयोजित है। इस बैठक में आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के संगठन प्रमुख और पदाधिकारी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों पर भी रणनीति बनेगी।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights