बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस ने स्कूल परिसर में शराब के नशे में शिक्षकों से गाली-गलौज और मारपीट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 जनवरी 2025 को घटी। ग्राम बघेलकापा, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर के निवासी चार युवक शराब के नशे में स्कूल के अंदर घुस गए। वहां उन्होंने शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। इससे स्कूल का वातावरण भयभीत हो गया, और शिक्षकों व छात्रों में दहशत फैल गई।
आरोपी और उनके खिलाफ मामला
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
1. भूपेश बघेल (24 वर्ष)
2. सोमेश्वर दिनकर (28 वर्ष)
3. समेर दिनकर (18 वर्ष)
4. राहुल मरावी (18 वर्ष)
आरोपियों के खिलाफ थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज की गई। प्रथम सूचना पत्र (FIR) क्रमांक 11/2025 के तहत धारा 296, 351(2), 333, 3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इसके साथ ही, इस्तगासा क्रमांक 03/03/2025 के तहत धारा 170, 126, 135(3) बी.एन.एस.एस. में भी आरोपियों पर मामला दर्ज हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा और अनुभागीय पुलिस अधिकारी नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई की गई। उप निरीक्षक मीना ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक हेमंत पाटले और थाना स्टाफ की सक्रियता से आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


