Wednesday, March 11, 2026
Homeबिलासपुरबिलासपुर के तिफरा, घुरू में अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर सख्त: निगम...

बिलासपुर के तिफरा, घुरू में अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर सख्त: निगम और पुलिस बल की उपस्थिति हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई…

बिलासपुर: नगर पालिक निगम बिलासपुर ने शहरी सीमा क्षेत्रान्तर्गत अवैध प्लाटिंग और निर्माण गतिविधियों पर सख्त कदम उठाते हुए तिफरा और घुरू क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। निगम के अधिकारियों ने अवैध निर्माण और शासकीय भूमि पर हो रही प्लाटिंग को रोकने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की और निर्माण सामग्रियों को जब्त किया।

तिफरा क्षेत्र में खसरा नंबर 144 की भूमि, जिसका क्षेत्रफल 1.96 एकड़ है, फुल बाई उर्फ पोखरा पति कुपेन्द्र कश्यप के नाम पर दर्ज है। इसके अलावा खसरा नंबर 152/1 और 152/2, क्रमशः 0.396 और 0.397 हेक्टेयर भूमि पर भी अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसके साथ लगी शासकीय भूमि पर भी अवैध निर्माण कार्य चल रहा था। यहाँ सड़क निर्माण के लिए मुरूम और गिट्टी का उपयोग हो रहा था, जिसे निगम ने ध्वस्त कर दिया और सामग्री जब्त कर ली।

निगम ने छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 292 (ग) के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी किया है। आयुक्त के आदेश पर इस अवैध निर्माण को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं।

तिफरा के साथ ही घुरू क्षेत्र में भी अवैध प्लाटिंग और निर्माण का मामला सामने आया। रमनदीप सलूजा पिता परमजीत सलूजा के नाम पर दर्ज खसरा नंबर 304/1 और 304/2 की 0.304 हेक्टेयर भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। यहां की मुरूम सड़क को निगम ने ध्वस्त कर दिया।

ग्राम घुरू स्थित खसरा नंबर 305 की लगभग 2.00 एकड़ भूमि पर ताहिर खान, मनोज सोनी, सौकत अली और अन्य लोगों द्वारा अवैध प्लाटिंग कर निर्माण किया जा रहा था। इस अवैध निर्माण कार्य को भी नोटिस देकर तत्काल बंद कराया गया और सड़क, नाली, बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया।

विजय राजपाल द्वारा बनाई गई सांई विहार कॉलोनी में शासकीय भूमि पर भी अवैध रूप से आवासीय निर्माण का कार्य किया जा रहा था। इसमें शुभेन्दु वर्मा, सुनीता पाठक, सुरजीत सिंह, रमाकांत मिश्रा, रमेश गिरी, और गोदवारी गुप्ता सहित कई अन्य व्यक्तियों द्वारा निर्माण किया जा रहा था। निगम ने इन सभी को धारा 322/323 के तहत नोटिस जारी कर स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की मांग की है।

निगम द्वारा सभी अवैध प्लाटिंग और निर्माणकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। निगम ने साफ कर दिया है कि इस तरह के अवैध निर्माण कार्यों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

इस पूरे अभियान के दौरान भवन अधिकारी सुरेश शर्मा, जोन क्रमांक 01 की आयुक्त रंजना अग्रवाल, जोन क्रमांक 02 के आयुक्त प्रवेश कश्यप, उपअभियंता जुगल किशोर सिंह, अरुण यादव, अतिक्रमण प्रभारी एवं पुलिस बल की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम की इस सख्ती से अवैध प्लाटिंग और निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई नगर निगम की कड़ी चेतावनी है कि सरकारी भूमि और नियमों के खिलाफ जाकर किए जा रहे अवैध निर्माण कार्यों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights