Friday, March 20, 2026
Homeछत्तीसगढ़"आतंकियों की कायराना हरकत ने छीन लिया प्रदेश का बेटा": मुख्यमंत्री विष्णु...

“आतंकियों की कायराना हरकत ने छीन लिया प्रदेश का बेटा”: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी दिनेश मिरानिया को अंतिम विदाई…

रायपुर, 24 अप्रैल 2025:
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के उद्यमी दिनेश मिरानिया की दुखद मृत्यु ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया। इस अमानवीय हमले के बाद आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं दिवंगत मिरानिया के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा, “आतंकवादियों की इस कायराना हरकत ने प्रदेश का एक होनहार बेटा हमसे छीन लिया। यह घटना पूरे देश की आत्मा पर चोट है। इस दुख की घड़ी में सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार दिवंगत मिरानिया की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके नाम पर किसी चौक या सड़क का नामकरण करेगी, ताकि उनका त्याग और योगदान सदैव याद रखा जा सके।

मुख्यमंत्री ने घटना को देश को अस्थिर करने की साजिश करार देते हुए कहा, “धारा 370 के हटने के बाद कश्मीर में शांति और विकास की जो लहर आई थी, वह आतंकवादियों को रास नहीं आई। यह हमला पर्यटकों और कश्मीर की स्थिरता को निशाना बनाने की साजिश है। लेकिन पूरा देश एकजुट होकर इस कृत्य का करारा जवाब देगा। पाकिस्तान को इस हमले की कीमत चुकानी पड़ेगी।”

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायक किरण देव, राजेश मूणत और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी अंतिम यात्रा में भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

दिनेश मिरानिया की शहादत न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए एक पीड़ादायक क्षति है। उनकी स्मृति हम सभी को देश और समाज के लिए समर्पण का संदेश देती रहेगी।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights