बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) से जुड़ा एक और छात्र लापता होने का मामला सामने आया है। 19 वर्षीय राहुल यादव, जो विश्वविद्यालय से संबंधित कार्यक्रम में जाने की बात कहकर घर से निकला था, अब तक वापस नहीं लौटा है। इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा और प्रशासनिक सतर्कता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुमशुदा राहुल यादव, पिता दयाराम यादव, उम्र 19 वर्ष, स्थाई निवासी ग्राम अमारु थाना पेंड्रा जिला गौरेला–पेंड्रा–मरवाही (GPM) है। वर्तमान में वह बिलासपुर के थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत बड़ी कोनी, साईं मंदिर के पास प्रमोद खरे के यहां किराए के मकान में रह रहा था। राहुल के बड़े भाई चंद्रभान यादव द्वारा 18 दिसंबर 2025 को थाना कोनी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट के अनुसार राहुल 18 दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे यह कहकर घर से निकला था कि उसे GGU कॉलेज में एक प्रोग्राम में जाना है और आने में देर हो जाएगी। लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा, तब परिजनों ने चिंता जताई।
पुलिस द्वारा तत्काल गुम इंसान कायम कर जांच शुरू की गई। रात में GGU कैंपस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन वहां से कोई ठोस सुराग नहीं मिला। जांच के दौरान जब राहुल के कमरे की बारीकी से तलाशी ली गई तो उसका मोबाइल फोन एक सर्टिफिकेट के लिफाफे में बंद अवस्था में मिला, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से यह भी सामने आया है कि राहुल उसी दिन करीब 11:30 बजे एक बैग लेकर घर से निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार राहुल ने उसी दिन SBI के एक सीएसपी केंद्र से आधार कार्ड के माध्यम से पैसे भी निकाले थे। मोबाइल की डिजिटल जांच में यह भी सामने आया कि उसने “उस्लापुर स्टेशन” सर्च किया था, जिसके बाद पुलिस द्वारा उस्लापुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
परिजनों ने आशंका जताई है कि राहुल वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के पास जा सकता है। इस बिंदु को भी जांच में शामिल करते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है और पतातलाश जारी है।
इस घटना ने अक्टूबर 2025 में लापता हुए बीएससी फिजिक्स के छात्र अर्सलान के मामले की यादें ताजा कर दी हैं। अर्सलान 21 अक्टूबर से लापता था, लेकिन उस समय विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे थे। दो दिन बाद, 23 अक्टूबर 2025 को अर्सलान का शव विश्वविद्यालय परिसर स्थित तालाब में मिला था। उस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े दावे किए गए थे, लेकिन अब एक और छात्र के लापता होने से उन दावों की पोल खुलती नजर आ रही है।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने GGU परिसर में छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। छात्र संगठनों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है और वे विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाबदेही तथा ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि राहुल यादव की तलाश हर संभव दिशा में की जा रही है और जल्द ही कोई सुराग मिलने की उम्मीद है।


