Tuesday, January 13, 2026
Homeबिलासपुरस्वपन कुमार मंडल ने संभाला एनटीपीसी सीपत परियोजना प्रमुख का कार्यभार, अनुभव...

स्वपन कुमार मंडल ने संभाला एनटीपीसी सीपत परियोजना प्रमुख का कार्यभार, अनुभव और दूरदर्शिता से मिलेंगी नई ऊँचाइयाँ…

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत को नया नेतृत्व मिला है। मुख्य महाप्रबंधक स्वपन कुमार मंडल ने 01 जनवरी 2026 से एनटीपीसी सीपत में परियोजना प्रमुख का कार्यभार विधिवत रूप से ग्रहण कर लिया है। ऊर्जा क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक के समृद्ध और विविध अनुभव के साथ श्री मंडल का यह कार्यभार ग्रहण करना न केवल परियोजना के लिए बल्कि छत्तीसगढ़ की ऊर्जा व्यवस्था के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

कलकत्ता विश्वविद्यालय से टेलीकम्युनिकेशन एवं रडार में परास्नातक (एम.टेक) की उपाधि प्राप्त स्वपन कुमार मंडल ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत वर्ष 1991 में एनटीपीसी में प्रशिक्षु कार्यकारी के रूप में की थी। अपने दीर्घ कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में कार्य करते हुए अपनी तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता और प्रबंधन कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया है।

श्री मंडल ने संचालन, योजना एवं प्रणाली (पी एंड एस) तथा परियोजना निर्माण जैसे अहम क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। एनटीपीसी रिहंद एवं ऊंचाहार जैसी प्रमुख परियोजनाओं में उनकी भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही है, जहाँ उनके नेतृत्व में परियोजना प्रबंधन और परिचालन क्षमता में महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिला। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 40 से अधिक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कार्यशालाओं में भाग लेकर स्वयं को लगातार अद्यतन और सशक्त बनाए रखा है।

छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादन परियोजना एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण करने पर वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन एवं विभिन्न एसोसिएशनों द्वारा स्वपन कुमार मंडल का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं। सभी को विश्वास है कि उनके व्यापक अनुभव और रणनीतिक दृष्टिकोण से परियोजना नई ऊँचाइयों को छुएगी।

अपने नेतृत्व में एनटीपीसी सीपत न केवल परिचालन उत्कृष्टता और समयबद्ध परियोजना निष्पादन को मजबूती देगा, बल्कि सामाजिक दायित्वों के तहत सतत विकास और जनकल्याणकारी पहलों में भी नई मिसाल कायम करेगा। स्वपन कुमार मंडल के नेतृत्व में एनटीपीसी सीपत के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें और भी प्रबल हो गई हैं।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights