बलौदाबाजार।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम तमोरी में जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत और नए भवन की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को चरम पर पहुंच गया। वर्षों से लंबित मांगों से नाराज ग्रामीणों ने मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावा-आपत्ति की सुनवाई के लिए गांव पहुंचे आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों को उसी जर्जर स्कूल भवन में बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने बाहर से स्कूल में ताला जड़ दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआईआर के तहत दावा-आपत्ति के निराकरण के लिए अधिकारियों का दल गांव पहुंचा था। अधिकारियों ने सुनवाई के लिए जिस स्कूल भवन को चुना, उसकी हालत अत्यंत खराब है। ग्रामीणों का कहना है कि यह भवन किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है, बावजूद इसके प्रशासन पिछले दो वर्षों से उनकी मांगों को अनदेखा करता आ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से स्कूल भवन की मरम्मत अथवा नए भवन के निर्माण की मांग की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवि बंजारे के नेतृत्व में अधिकारियों को बंधक बना लिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से लगातार समझाइश का दौर चलता रहा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि नए वित्तीय वर्ष अप्रैल से स्कूल के नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल का ताला खोला और अधिकारियों को मुक्त किया।
हालांकि मामला शांत हो गया, लेकिन इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति और प्रशासनिक उदासीनता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


