बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू चौक ट्रैफिक सिग्नल पर आम नागरिकों को परेशान करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 25 फरवरी 2026 को की गई इस कार्रवाई में जूली चौधरी (उम्र 36 वर्ष) एवं नफीसा खातून (उम्र 25 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि नेहरू चौक सिग्नल पर रुकने वाले वाहनों में यात्रा कर रहे परिवारों, महिलाओं और अन्य आमजनों से तालियां बजाकर जबरन पैसे की मांग की जा रही है। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर अभद्र व्यवहार किया जा रहा था, जिससे मौके पर असहज स्थिति निर्मित हो रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों के चलते क्षेत्र में आक्रोश भी पनपने लगा था और सिग्नल के पास भीड़ एकत्रित हो गई थी।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जांच के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बी.एन.एस.एस.) की धारा 170 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक सिग्नलों और सार्वजनिक स्थलों पर जबरन वसूली, अभद्रता या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनी रहे।


